Asian Games 2026: पहले दिन भारत ने जीते दो सिल्वर मेडल, सुचिका तरियाल ने भी एक पदक किया पक्का
Asian games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, जिसमें शूटिंग के इवेंट में अब तक 2 सिल्वर मेडल जीतने में सफलता मिली है।

एशियन गेम्स 2026 के पहले दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार शुरुआत करते हुए देश का नाम रोशन किया। जारी टूर्नामेंट के पहले दिन भारत ने निशानेबाजी में दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए, जिसमें स्टार शूटर इलावेनिल वालारिवन का बड़ा योगदान रहा। इलावेनिल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर भारत को पहला रजत पदक दिलाया। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा रजत पदक जीता।
शूटिंग के अलावा अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को एकतरफा सेमीफाइनल मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जिससे भारत का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। इसके साथ ही हॉकी में भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 और पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 के अंतर से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। मिक्सड मार्शल आर्ट्स (MMA) में सुचिका तरियाल ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है, जबकि बैडमिंटन में पीवी सिंधु की अगुआई में महिला टीम ने कजाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। कुल मिलाकर एशियन गेम्स का पहला दिन भारतीय एथलीट के लिए सफलता और उम्मीदों से भरा रहा।
टेकबॉल में भारतीय टीम के हाथों लगी निराशा
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम को 20 सितंबर को टेकबॉल के इवेंट में मेडल की उम्मीद थी, लेकिन काफी निराशा का सामना करना पड़ा। टेकबॉल में क्विंसी डिसूजा विमेंस सिंगल और मिक्सड डबल्स कैटेगरी के ब्रांज मेडल तक पहुंची थीं, लेकिन दोनों मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। टेकबॉल में क्विंसी डिसूजा को विमेंस सिंगल्स में हार का सामना करना पड़ा। क्विंसी डिसूजा को ब्रांज मेडल मैच में जापान की खिलाड़ी के खिलाफ अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन इसे बरकरार नहीं रख पाईं। युइना साकामोतो ने उन्हें 12-11,12-11 के अंतर से हराया।
एशियन गेम्स में आज वुमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर श्रीलंका ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। वहीं पाकिस्तान की टीम ब्रॉन्ज मेडल के लिए बांग्लादेश से भिड़ेगी।
Live updates : Asian Games Live Updates 20 September
-
September 20, 2026 5:29 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
ईरान ने भारत को 3-0 से हराया
टेबल टेनिस के ग्रुप F मुकाबले में ईरान ने भारत को 3-0 से हरा दिया। निर्णायक मैच में नीमा आलमियान ने पांचवें गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरमीत देसाई को 11-2 से हराया और मैच को 3-2 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही ईरान ने भारत का क्लीन स्वीप करते हुए यह मुकाबला पूरी तरह से जीत लिया।
-
September 20, 2026 4:42 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस के ग्रुप स्टेज के मुकाबले में ईरान ने भारत पर बनाई बढ़त
टेबल टेनिस के ग्रुप स्टेज के मुकाबले में ईरान ने भारत पर 2-0 की बढ़त बना ली है। पहले मैच में ईरान के नौशाद आलमियान ने मानुष शाह को 11-3, 11-8, 12-10 (3-0) से हराया। इसके बाद दूसरे मैच में ईरान के 16 वर्षीय बेन्यामिन फराजी ने एकतरफा खेल दिखाते हुए मानव ठक्कर को 11-2, 11-6, 11-6 से सीधे सेटों में मात दी। अब भारत को इस मुकाबले में बने रहने के लिए हरमीत देसाई का अगला मैच हर हाल में जीतना होगा, जहां उनका सामना नीमा आलमियान से होगा।
-
September 20, 2026 4:32 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
वुशु में अपर्णा को ईरान की सोगंद से मिली हार
वुशू के महिला 52 किलोग्राम सैंडा वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में भारत की अपर्णा को हार का सामना करना पड़ा। ईरान की सोगंद सिंकेइचेतन ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए दोनों राउंड 5-0 से जीते और अपर्णा को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
-
September 20, 2026 3:53 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत 3-2 से आगे
यशस्विनी घोरपड़े ने एक रोमांचक और बेहद कड़े मुकाबले में लॉय मिंग को 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत को शानदार जीत दिला दी। भारतीय महिला टीम के लिए यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं था, लेकिन यशस्विनी ने अपने दोनों मैच जीतकर और श्रीजा अकुला ने अपना दूसरा मैच जीतकर टीम की उम्मीदों को बनाए रखा और अंत में भारत को मुकाबला जिता दिया।
-
September 20, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
स्विमिंग में ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में छठे स्थान पर रहे
ऋषभ ने 54.77 सेकंड का समय निकालकर अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार किया। वहीं दूसरी ओर चीन के वर्ल्ड चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता शू जियायू ने बाकी सभी तैराकों को पछाड़ते हुए 51.98 सेकंड के नए एशियन गेम्स के रिकॉर्ड के साथ आसानी से गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
-
September 20, 2026 3:06 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत-सिंगापुर 2-2 की बराबरी पर
श्रीजा ने पहला गेम हारने के बाद ज़बरदस्त वापसी की और जेंग जियान को 6-11, 11-3, 11-7, 11-4 से हराकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। अब सब कुछ आखिरी मैच पर निर्भर करता है, जहां यशस्विनी घोरपड़े का सामना लॉय मिंग से होगा।
-
September 20, 2026 2:28 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में सिंगापुर के पास 2-1 की बढ़त
महिला टेबल टेनिस मुकाबले में सिंगापुर ने भारत के खिलाफ 2-1 की बढ़त बना ली है। टैन झाओ ने दिया चितले को 7-11, 4-11, 11-7, 5-11 से हरा दिया। अब अगले मैच में श्रीजा का सामना फिर से जेंग जियान से होगा और भारत को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा।
-
September 20, 2026 2:11 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey
टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम करेगी ईरान का सामना
एशियन गेम्स 2026 का आगाज होने के साथ 20 सितंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर तीन टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ग्रुप F में ईरान की टीम का सामना करेगी, जिसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
-
September 20, 2026 1:47 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस के मैच में श्रीजा अकुला को मिली हार
टेबल टेनिस के मैच में श्रीजा अकुला सिंगापुर की लॉय मिंग से हार गईं, जिससे सिंगापुर ने बराबरी (1-1) कर ली। श्रीजा ने आखिरी गेम तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरकार 8-11, 11-4, 9-11, 11-4, 6-11 से हार गईं। अब अगले सिंगल्स मैच में दिया चितले का मुकाबला टैन झाओ से होगा।
-
September 20, 2026 1:33 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में भारत और सिंगापुर का मुकाबला
टेबल टेनिस मुकाबले में भारत और सिंगापुर के बीच जोरदार मुकाबला खेला जा रहा है। श्रीजा अकुला और लॉय मिंग के बीच खेले जा रहे इस मैच में मिंग ने तीसरा गेम 11-9 से जीतकर 2-1 की बढ़त बना ली है। अब मैच में बने रहने और वापसी करने के लिए श्रीजा को अगला गेम हर हाल में जीतना होगा।
-
September 20, 2026 1:25 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हॉकी में भारत ने इंडोनेशिया को हराया
भारतीय मेंस हॉकी टीम ने धमाकेदार जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने सफर की शुरुआत की है। अपने पहले मैच में भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 के बड़े अंतर से मात दी। इससे पहले महिला हॉकी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी थी।
-
September 20, 2026 1:06 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey
बैडमिंटन में भारत ने कज़ाकिस्तान को 3-0 से हराया
तन्वी शर्मा ने डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराया और भारत ने कज़ाकिस्तान को 3-0 से मात दे दी है। तीनों मैचों में भारत ने एक भी गेम नहीं गंवाया। इससे पहले पीवी सिंधु ने कामिला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से और उन्नति हुड्डा ने एलिसा कुलेशोवा को 21-7, 21-10 से हराया।
-
September 20, 2026 12:56 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हॉकी मैच में इंडिया 10-1 से आगे
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी टूर्नामेंट में धमाकेदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मैच में इंडोनेशिया पर 10-1 की बढ़त बना ली है। इस एकतरफा मुकाबले में भारत की जीत पूरी तरह पक्की लग रही है, जिसके साथ ही टीम इंडिया का अगले दौर में पहुंचना भी लगभग तय माना जा रहा है।
-
September 20, 2026 12:39 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा ने दूसरा गेम किया अपने नाम
बैडमिंटन मुकाबले में उन्नति हुड्डा ने दूसरा गेम आसानी से 21-7, 21-10 से जीतकर अपना मैच अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने कजाकिस्तान के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली है। अब भारत की नजरें मुकाबला अपने नाम करने पर होंगी, जब तीसरे मैच में तन्वी शर्मा का सामना डायना नामेनोवा से होगा।
-
September 20, 2026 12:38 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हॉकी में भारत 8-1 से आगे
हॉकी मैच के दूसरे हाफ में इंडोनेशिया ने पहला गोल करके वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने तुरंत पलटवार कर दिया। मुकाबले में अभिषेक के बेहतरीन खेल की बदौलत शिलानंद लाकड़ा ने करीब से गेंद को गोलपोस्ट में धकेल दिया। यह इस मैच में शिलानंद का दूसरा गोल था।
-
September 20, 2026 12:18 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत ने इंडोनेशिया पर बनाई बढ़त
हॉकी मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया पर 6-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। भारतीय टीम गोल करने की अपनी योजना को बेहद सटीक तरीके से अंजाम दे रही है। मैच के दौरान हार्दिक ने बाईं तरफ मौजूद सुखजीत को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोलकीपर के ठीक सामने खड़े मनदीप की ओर बढ़ाया और मनदीप ने आसानी से गेंद को खाली गोलपोस्ट में डालकर गोल दाग दिया।
-
September 20, 2026 12:05 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की शानदार शुरुआत
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाफ शानदार शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया की तरफ से अब तक अभिषेक और शिलानंद लाकड़ा ने गोल किए हैं।
-
September 20, 2026 12:04 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
बैडमिंटन में पीवी सिंधु की शानदार शुरुआत
बैडमिंटन में भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु ने कजाकिस्तान के खिलाफ आसानी से 21-7, 21-9 से मुकाबला जीतकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी है। भारत की इस दिग्गज खिलाड़ी ने अपनी शानदार जीत के साथ आगाज किया है। अब अगले मुकाबले में उन्नति हुड्डा का सामना अलिसा कुलेशेवा से होगा।
-
September 20, 2026 11:42 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता सिल्वर मेडल
निशानेबाजी के इस बेहद रोमांचक मुकाबले के आखिरी दौर में इलावेनिल ने 10.4 और जापान की हिनाता ने 10.6 का स्कोर किया, जिससे अंतिम शॉट से ठीक पहले जापान की निशानेबाज आगे हो गईं। अपने आखिरी शॉट में इलावेनिल ने 10.1 का स्कोर बनाकर भारत के लिए सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं, हिनाता ने अंतिम शॉट में 10.2 का स्कोर करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
-
September 20, 2026 11:38 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
इलावेनिल पहुंची दूसरे स्थान पर
21वें शॉट में इलावेनिल ने 10.5 का स्कोर किया। हिनाता के 10.6 और बैन के 10.8 का स्कोर करने के बाद इलावेनिल की बढ़त घटकर सिर्फ 0.2 अंक रह गई। इसके बाद हिनाता ने 10.8 का बेहतरीन शॉट लगाया, जबकि इलावेनिल 10.3 ही हासिल कर सकीं। इसी बीच साउथ कोरिया की बैन ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बाहर हो गईं। इस तरह 231.9 के कुल स्कोर के साथ इलावेनिल अब दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं, जबकि हिनाता 232.2 अंक के साथ टॉप पर पहुंच गई हैं।
-
September 20, 2026 11:32 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
इलावेनिल का निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन
इलावेनिल ने निशानेबाजी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने 17वें शॉट में 10.6 और 18वें शॉट में 10.1 का स्कोर बनाया। इसके साथ ही वह 190.3 अंक हासिल करके पहले स्थान पर पहुंच गई हैं। उनके इस जबरदस्त खेल को देखते हुए अब उन्हें गोल्ड मेडल का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं, चीन की वांग जेफेई पांचवें स्थान पर रहकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं।
-
September 20, 2026 11:21 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
शूटिंग में सोनम मस्कर और इलावेनिल वलारिवन 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में पहुंची
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में एलिमिनेशन राउंड शुरू हो गए हैं। पहली शॉट में इलावेनिल और सोनम दोनों ने बेहतरीन 10.6 का स्कोर बनाया। दूसरे शॉट में इलावेनिल ने 10.3 और सोनम ने फिर से शानदार 10.7 अंक हासिल किए। कुल 12 शॉट के बाद इलावेनिल 126.9 अंक के साथ पहले नंबर पर हैं, जबकि सोनम 125.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं। वहीं साउथ कोरिया की युना क्वान प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं।
-
September 20, 2026 11:12 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
बैडमिंटन में महिला टीम के पहले राउंड में भारत बनाम कजाकिस्तान का मुकाबला
भारतीय महिला बैडमिंटन टीम कजाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच में मैदान में उतर रही है। टीम में पीवी सिंधु के अलावा गायत्री गोपीचंद-ट्रीसा जॉली, उन्नति हुड्डा, कविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी और तन्वी शर्मा जैसी खिलाड़ी शामिल हैं।
-
September 20, 2026 11:09 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
सोनम मस्कर और इलावेनिल वलारिवन शूटिंग में 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में बनाई जगह
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का फाइनल मुकाबला जल्द ही शुरू होने वाला है, जिसमें दो भारतीय निशानेबाज पदक की रेस में बनी हुई हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में सोनम 634.1 अंक हासिल करके तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि इलावेनिल 633.5 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहीं। इससे पहले, विदर्षा विनोद के साथ मिलकर इन दोनों ने भारत के लिए टीम इवेंट में सिल्वर मेडल पहले ही पक्का कर लिया है। अब सोनम और इलावेनिल दोनों की कोशिश भारत को और मेडल दिलाने की रहेगी।
-
September 20, 2026 10:55 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में इंडोनेशिया को हराकर भारत ने की शानदार शुरुआत
मानुष शाह ने अफान प्रतामा को 11-9, 11-9, 12-10 से हराकर इंडोनेशिया के खिलाफ मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनकी इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने यह मैच 3-0 से जीतकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है।
-
September 20, 2026 10:30 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
टेबल टेनिस में महिला टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ दर्ज की जीत
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियन गेम्स में शानदार शुरुआत करते हुए इंडोनेशिया को 3-0 से हरा दिया है। इस एकतरफा जीत के साथ भारत ने अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है।
-
September 20, 2026 10:13 AM (IST) Posted by Hitesh Jha
श्रीलंका महिला टीम पहुंची फाइनल में
एशियन गेम्स में वुमेंस क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका महिला टीम ने पाकिस्तान को ह्रराकर फाइनल में जगह पक्की की है। श्रीलंका ने इस मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया है।
-
September 20, 2026 9:55 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
टेबल टेनिस में पुरुषों की टीम के ग्रुप F मैच में इंडोनेशिया से सामना
टेबल टेनिस में पुरुषों की टीम के ग्रुप F मैच में इंडोनेशिया का सामना करेगी इससे पहले महिला टीम ने महिला टीम ग्रुप मैच में इंडोनेशिया को 3-0 से हराया था।
-
September 20, 2026 9:31 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर मेडल जीता
एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर मेडल जीता है। आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत का पहला मेडल है। इलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद ने शानदार प्रदर्शन किया और भारत चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा।
-
September 20, 2026 9:29 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीत के साथ की शुरुआत
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में पूल मुकाबले में एकतरफा जीत के साथ शुरुआत की है, जिसमें उन्होंने उज्बेकिस्तान की टीम के खिलाफ खेले गए मैच को 19-0 के अंतर से अपने नाम कर लिया है।
-
September 20, 2026 9:05 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय महिला हॉकी टीम की एकतरफा जीत तय
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम पूल स्टेज में अपना पहला मैच उज्बेकिस्तान की टीम के खिलाफ खेल रही है, जिसमें उनकी एकतरफा जीत तय मानी जा रही है। इस मैच के तीन क्वार्टर का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम 15-0 के अंतर से आगे थी।
-
September 20, 2026 8:58 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
शूटिंग में सोनम की शानदार शुरुआत
एशियन गेम्स में भारतीय महिला निशानेबाज सोनम मस्कर ने काफी अच्छी शुरुआत करने के साथ 634.1 के स्कोर के साथ अपना क्वालिफिकेशन राउंड पूरा किया। वह इंडिविजुअल फाइनल में जगह बनाने के काफी करीब हैं। वहीं इसी इवेंट में विदरसा 630.4 के कुल स्कोर के साथ 9वें स्थान पर रहीं और बाहर हो गईं।
-
September 20, 2026 8:56 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey
मिक्सड मार्शल आर्ट्स में पदक हुआ पक्का
भारत की सुचिका तारियाल ने ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की एथलीट को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के साथ मेडल पक्का कर दिया है, जिसमें वह कम से ब्रॉन्ज पदक तो अपने नाम कर लेंगी।