1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games Live: आज क्रिकेट और शूटिंग में गोल्ड मिलने की उम्मीद, 6 मेडल के साथ भारत 12वें नंबर
Live now

Asian Games Live: आज क्रिकेट और शूटिंग में गोल्ड मिलने की उम्मीद, 6 मेडल के साथ भारत 12वें नंबर

एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत पहला गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगा। भारतीय फैंस को सबसे ज्यादा उम्मीदें क्रिकेट और शूटिंग से हैं, जहां से भारत का पहला गोल्ड मेडल आ सकता है।

Asian games 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI एशियन गेम्स 2026

एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत पहला गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगा। उम्मीद है कि पहला गोल्ड क्रिकेट या शूटिंग (10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम) से आ सकता है। खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, बाकी मुकाबलों में भी एक्शन तेज हो गया है। भारत इस वक्त मेडल टैली में 12वें नंबर पर है।

दूसरे दिन हिमांशु ढिल्लों, रुद्राक्ष पाटिल और पार्थ माने ने मिलकर 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद ढिल्लों और पाटिल ने अपने व्यक्तिगत मैचों में भी मेडल जीते। वहीं MMA फाइटर सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अब भारत के पास कुल 6 मेडल हो चुके हैं और देखना होगा कि आज इस गिनती में कितने और मेडल जुड़ते हैं।

Live updates : Asian games 22 Sept Live

  • 6:38 AM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पीवी सिंधु ने जीता पहला गेम

    पीवी सिंधु ने भारत को बढ़त दिलाते हुए पहला गेम 23-21 से अपने नाम कर लिया है। जापानी खिलाड़ी अकाने यामागुची और सिंधु के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा। 19-19 की बराबरी के बाद सिंधु ने एक जोरदार स्मैश मारकर गेम पॉइंट हासिल किया, लेकिन बैक लाइन पर गलत अंदाजे के कारण मुकाबला 20-20 पर आ गया। इसके बाद यामागुची का शॉट नेट पर लगते ही सिंधु को एक और मौका मिला, जिसका फायदा उठाकर भारतीय स्टार ने शानदार क्रॉस-कोर्ट शॉट के साथ पहला गेम जीत लिया।

  • 6:27 AM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारतीय शूटर्स एक्शन में

    शूटिंग में 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम का क्वालिफाइंग राउंड शुरू हो गया है। शुरुआती 6 शॉट्स के बाद भारत का स्कोर 63.3 है, जबकि चीन 9 शॉट्स के बाद 95.4 अंक बना चुका है। चीनी शूटर शेंग लिहाओ की वजह से चीन यह राउंड सबसे पहले खत्म कर सकता है, क्योंकि उन्होंने बीते दिन अकेले 45 मिनट में ही अपने 60 शॉट्स पूरे कर लिए थे।

    इस मैच के नियम काफी आसान हैं। टीम के दोनों निशानेबाजों को 30-30 शॉट्स लगाने होंगे और दोनों के कुल स्कोर को जोड़कर रैंकिंग बनेगी। इस राउंड में पहले और दूसरे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच गोल्ड मेडल का मैच होगा, जबकि तीसरे और चौथे स्थान की टीमें ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) के लिए मुकाबला करेंगी।

  • 6:19 AM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पीवी सिंधु हुई पीछे

    बैडमिंटन के इस मुकाबले के पहले गेम में पीवी सिंधु शुरुआत में थोड़ा पिछड़ गई हैं और अकाने यामागुची 5-3 से आगे चल रही हैं। जापानी खिलाड़ी ने शुरुआत में ही बढ़त बनाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अब सिंधु के लिए अगला दौर बेहद अहम होने वाला है, जहां उन्हें इस अंतर को कम करते हुए पहले गेम में अपनी वापसी की उम्मीदों को बनाए रखना होगा।

  • 6:18 AM (IST) Posted by Hitesh Jha

    बैडमिंटन में एक्शन में पीवी सिंधु

    बैडमिंटन के महिला टीम क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना जापान से हो रहा है। पहले सिंगल्स मैच में एक बार फिर पीवी सिंधु और अकाने यामागुची आमने-सामने हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले भी कई रोमांचक मुकाबले हो चुके हैं। अब तक अपने करियर में वे एक-दूसरे के खिलाफ 30 मैच खेल चुकी हैं, जिनमें सिंधु 16-14 से आगे चल रही हैं।

  • 6:17 AM (IST) Posted by Hitesh Jha

    आध्या तिवारी को सॉफ्ट टेनिस में मिली हार

    सॉफ्ट टेनिस के इस मुकाबले में आध्या तिवारी चौथे गेम में भी खास लय नहीं पकड़ सकीं और 2-4 से पिछड़ गईं। हालांकि, पांचवें गेम में उन्होंने वापसी की अच्छी कोशिश की, लेकिन आखिर में 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह अलीशा जीग्लर ने यह मैच अपने नाम कर लिया।