1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सर्वेश कुशारे ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में खत्म किया 56 साल का सूखा, हाई जंप में जीता सिल्वर मेडल

सर्वेश कुशारे ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में खत्म किया 56 साल का सूखा, हाई जंप में जीता सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स 2026 में संडे का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए शानदार रहा। सर्वेश कुशारे ने मेन्स हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता। इससे पहले एन्सी सोजन ने महिला लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

Sarvesh Kushare- India TV Hindi
Image Source : AFP सर्वेश कुशारे

भारतीय एथलेटिक्स के लिए एशियन गेम्स 2026 में रविवार का दिन यादगार बन गया। महाराष्ट्र के सर्वेश कुशारे ने मेन्स हाई जंप में सिल्वर मेडल जीतकर लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। भारत को 56 साल बाद एशियन गेम्स के मेन्स हाई जंप इवेंट में मेडल मिला है। इससे पहले 1970 बैंकाक एशियन गेम्स में भीम सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 

31 साल के भारतीय एथलीट ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन चीनी ताइपे के फू चाओ-ह्सुआन से मामूली अंतर से पीछे रह गए। 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीत चुके सर्वेश मुकाबले के एक बड़े हिस्से में वह शीर्ष पर चल रहे थे और गोल्ड की मजबूत दावेदारी पेश कर रहे थे। हालांकि, 2.25 मीटर की ऊंचाई पर पहली कोशिश में वह बार पार नहीं कर सके। दूसरी ओर फू चाओ-ह्सुआन ने पहली ही कोशिश में 2.25 मीटर पार कर बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे प्रयास में लगाई 2.25 मीटर की जंप

सर्वेश ने हार नहीं मानी और अपनी दूसरी कोशिश में 2.25 मीटर की ऊंचाई सफलतापूर्वक पार कर ली। लेकिन तब तक वह दूसरे स्थान पर खिसक चुके थे। इसके बाद वह गोल्ड के लिए चुनौती पेश नहीं कर सके और सिल्वर के साथ उन्हें संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र के देवर्गांव से आने वाले सर्वेश के लिए यह एशियन गेम्स का पहला मेडल है।

सर्वेश से पहले भारत की एन्सी सोजन ने भी रविवार को महिला लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीता। एन्सी लंबे समय तक प्रतियोगिता में शीर्ष पर बनी हुई थीं, लेकिन आखिरी प्रयास में चीन की हुआंग यिंगयिंग ने 6.55 मीटर की छलांग लगाकर बाजी पलट दी। एन्सी का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 6.53 मीटर रहा।

महिला लॉन्ग जंप में भारत की शाइली सिंह भी मेडल की रेस में थीं। वह लंबे समय तक तीसरे स्थान पर बनी रहीं, लेकिन अंतिम प्रयास में चीन की तान मेंगयी ने 6.46 मीटर की छलांग लगाकर उन्हें पीछे कर दिया। शाइली 6.42 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा में चीन ने गोल्ड और ब्रॉन्ज दोनों मेडल अपने नाम किए।

हरिता भद्रा ने जीता ब्रॉन्ज

भारतीय एथलेटिक्स के लिए दिन का एक और मेडल महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में आया। हरिता भद्रा ने 23.20 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने जापान की इदो अबिगेइरुफुका को बेहद करीबी अंतर से पीछे छोड़ा, जिन्होंने 23.21 सेकंड का समय दर्ज किया। सिंगापुर की शांति परेरा ने 22.78 सेकेंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ गोल्ड जीता, जबकि चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर अपने नाम किया। फाइनल में भारत की दूसरी धाविका उन्नति अयप्पा बोलैंड 23.48 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहीं।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स में मेंस कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, फाइनल में ईरान को 40-34 से हराया

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पर किया कब्जा; ईरान को दी मात