1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. National Bank Open 2025: विंबलडन 2025 विनर इगा स्वियातेक के साथ हुआ उलटफेर, क्लारा टॉसन से मिली हार

National Bank Open 2025: विंबलडन 2025 विनर इगा स्वियातेक के साथ हुआ उलटफेर, क्लारा टॉसन से मिली हार

डेनमार्क की क्लारा टॉसन ने विंबलडन 2025 की चैम्पियन पोलैंड की इगा स्वियातेक को 7-6, 6-3 से हराकर नेशनल बैंक ओपन टेनिस के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

Iga Swiatek - India TV Hindi
Image Source : GETTY इगा स्वियातेक

कनाडा के टोरंटो में इन दिनों नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जा रहे हैं। आज टूर्नामेंट के चौथे राउंड में डेनमार्क की क्लारा टॉसन ने दूसरी वरीयता प्राप्त विम्बलडन चैंपियन पोलैंड की इगा स्वियातेक को 7-6, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में एंट्री मारी। इसके साथ ही टॉसन ने स्वियातेक के हाथों विम्बलडन में मिली हार का बदला भी ले लिया। अब उनका सामना अमेरिका की मेडिसन कीस से होगा। मेडिसन ने चेक रिपब्लिक की 11वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना मुचोवा को 4-6, 6-3, 7-5 से हराया था।

इगा स्वियातेक को हराने के बाद टॉसन ने दिया बड़ा बयान

स्वियातेक को हराने के बाद टॉसन ने कहा कि जाहिर तौर पर यह वाकई बहुत अच्छा है और इससे पता चलता है कि मैं जो कड़ी मेहनत कर रही हूं उसका फल अब मुझे मिल रहा है। इस स्तर पर मुझे और भी ज्यादा कॉन्फिडेंस मिल रहा है और मुझे लग रहा है कि मैं यह सब कुछ डिजर्व करती हूं। मुझे लगता है कि आज महत्वपूर्ण मौकों पर इससे मुझे काफी मदद मिली।

टॉसन ने जनवरी में न्यूजीलैंड में एकमात्र टूर खिताब जीता था। जापान की नाओमी ओसाका भी लाटविया की अनास्तासिया सेवास्तोवा को 6-1, 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। अब उनका सामना दसवीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना से होगा जिन्होंने अमेरिका की पांचवीं वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा को 6-4, 6-1 से हराया।

बेन शेल्टन ने फ्लावियो कोबोली को दी मात

इस बीच दूसरे मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिका के बेन शेल्टन ने भी 13वीं वरीयता प्राप्त इटली के फ्लावियो कोबोली को 6-4, 4-6, 7-6 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब उनका सामना आस्ट्रेलिया के नौवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डि मिनौर से होगा। मिनौर ने चौथे चरण में अमेरिका के सातवीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस टियाफो को 6-2, 4-6, 6-4 से हराया।

इससे पहले छठी वरीयता प्राप्त रूस के आंद्रे रुबलेव अपने मुकाबले में स्पेन के अलेजांद्रो फोकिना से 6-7, 7-6, 3-0 से आगे थे। थकान के कारण फोकिना ने बीच मुकाबले में कोर्ट छोड़ दिया और रुबलेव को इस मैच का विनर घोषित कर दिया गया। रुबलेव का सामना अब अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज और चेक गणराज्य के जिरि लेहेका के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

INPUT: PTI