न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए US ओपन 2025 के फाइनल में स्पेनिश स्टार कार्लोस अल्काराज ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी यानिक सिनर को हराकर खिताब जीत लिया। 7 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में अल्काराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार सेटों में जीत दर्ज की। उन्होंने सिनर को 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से मात दी। इस जीत के साथ न सिर्फ उन्होंने टूर्नामेंट का खिताब जीता, बल्कि सिनर से वर्ल्ड नंबर-1 की कुर्सी भी छीन ली।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत में अल्काराज ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला सेट 6-2 से जीता। हालांकि, सिनर ने तुरंत वापसी की और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम किया। तीसरे सेट में स्पेनिश स्टार ने दबदबा कायम करते हुए 6-1 की आसान जीत हासिल की। चौथे और निर्णायक सेट में कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अल्काराज ने 6-4 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
छठी बार जीता ग्रैंड स्लैम
इससे पहले विंबलडन 2025 के फाइनल में अल्काराज को सिनर से हार मिली थी, लेकिन न्यूयॉर्क में उन्होंने शानदार अंदाज में वापसी की। यह लगातार तीसरा मौका था जब दोनों खिलाड़ियों की भिड़ंत ग्रैंड स्लैम फाइनल में हुई। इस जीत के साथ 22 साल के अल्काराज ने अपने करियर का छठा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता और वह महान खिलाड़ी ब्योर्न बोर्ग के बाद सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।
सिनर के नाम बड़ी उपलब्धि
सिनर भले ही खिताब नहीं जीत सके लेकिन इस साल चारों ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलते हुए बड़ा कारनामा किया। इस तरह वह एक साल में चारों ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बने। इससे पहले रॉड लेवर (1969), रोजर फेडरर (2006, 2007, 2008) और नोवाक जोकोविच (2015, 2021, 2023) ने यह कमाल किया था।
सिनर की तारीफ में पढ़े कसीदे
अल्काराज की इस जीत से सिनर का हार्ड कोर्ट पर लगातार 27 मैचों से चल रहा विजय अभियान भी टूट गया। अब अल्काराज के खाते में छह ग्रैंड स्लैम खिताब हो गए हैं। अल्काराज ने खिताब जीतने के बाद कार्लोस अल्काराज ने अपने प्रतिद्वंद्वी यानिक सिनर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शुरुआत वह यानिक से करना चाहते हैं। यह अविश्वसनीय है कि तुम इस पूरे सीजन में क्या कर रहे हो। हर टूर्नामेंट में तुम्हारा स्तर शानदार रहा है। वह उन्हें अपने परिवार से भी ज्यादा देख रहे हैं। तुम्हारे साथ कोर्ट, लॉकर रूम और हर पल साझा करना शानदार है। उनकी हर उपलब्धि में तुम्हारा योगदान है, यह खिताब भी तुम्हारा है।