1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Commonwealth Games 2026 के चौथे दिन मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड मेडल, भारत को मिला तीसरा मेडल
Live now

Commonwealth Games 2026 के चौथे दिन मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड मेडल, भारत को मिला तीसरा मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आज चौथा दिन है। दूसरे दिन सिर्फ एक मेडल जीतने के बाद, भारत तीसरे दिन खाली हाथ रहा, लेकिन आज भारत के लिए ऋषिकांत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता है।

Mirabai Chanu- India TV Hindi
Image Source : PTI मीराबाई चानू

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन का खेल शुरू हो चुका है और आज का दिन भारतीय फैंस के लिए बेहद खास हो सकता है। आज भारत के पास पांच गोल्ड मेडल जीतने का शानदार मौका है, क्योंकि कई फाइनल मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे। चौथे दिन वेटलिफ्टिंग, जिम्नास्टिक, स्विमिंग और बॉक्सिंग जैसे खेलों में भारतीय एथलीटों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। आज के दिन की शुरुआत लॉन बाउल्स के मुकाबले से हुई, जहां महिला पेयर्स इवेंट में भारत की रूपा रानी और पिंकी सिंह की जोड़ी नामीबिया के खिलाफ मैदान में उतरी। इसके बाद लॉन बाउल्स में ही भारत का अगला मुकाबला इंग्लैंड की टीम से होगा।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के वेटलिफ्टिंग में पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में भारत के ऋषिकांत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने स्नैच राउंड की शुरुआत 116 किग्रा का वजन उठाकर की, और फिर अपने दूसरे प्रयास में 119 किग्रा का भार भी आसानी से उठा लिया। इसके बाद अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने 121 किग्रा वजन उठाकर एक नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड दर्ज किया और स्नैच राउंड में बढ़त बना ली। इस शानदार शुरुआत के साथ अब वे क्लीन एंड जर्क राउंड में उतरेंगे, जहां से उनके मेडल जीतने की उम्मीद बहुत मजबूत हो गई है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग के स्नैच राउंड में अपने दूसरे प्रयास में 82 किग्रा और तीसरे प्रयास में 85 किग्रा वजन उठाकर लगातार दो बार नया रिकॉर्ड बनाया। अपने पहले प्रयास के लिए उन्होंने 82 किग्रा का वजन चुना था, जो सभी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा था। इस वजह से वे स्टेज पर बाकी खिलाड़ियों के काफी देर बाद उतरीं। इसी बीच नाइजीरिया की थेलमा और श्रीलंका की उपमाली अपने तीनों प्रयासों में नाकाम होकर इस प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। अपने इस जबरदस्त खेल की बदौलत मीराबाई चानू गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही।

 

Live updates : commonwealth games day 4

  • 11:36 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    लॉन बॉल्स में भारतीय महिला पेयर्स टीम को मिली हार

    लॉन बॉल के महिला पेयर्स मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। सेक्शन बी के राउंड-5 मैच में भारत की रुपा रानी टिर्की और पिंकी की जोड़ी का मुकाबला इंग्लैंड की एमी फाराओह और सियान ऑनर से था। दोनों टीमों के बीच स्कोर 1-1 से बराबर रहने के बाद इंग्लैंड ने टाईब्रेकर में भारत को 1-0 से हरा दिया। इस हार के साथ ही भारतीय महिला टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई हैं।

  • 11:16 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पी प्रीति पहुंची क्वार्टर फाइनल में

    भारतीय महिला मुक्केबाज प्रीति ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। 54 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 मैच में उनका मुकाबला मालावी की डेबोराह मतेंजे से हुआ। प्रीति ने पहला राउंड बहुत आसानी से जीता और दूसरे राउंड में भी विरोधी खिलाड़ी पर पूरी तरह बढ़त बनाए रखी। दूसरे राउंड के दौरान ही रेफरी ने मैच रोककर प्रीति को विजेता घोषित कर दिया। इस जीत के साथ प्रीति अब कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने के बेहद करीब पहुंच गई हैं।

  • 10:51 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    बॉक्सिंग रिंग में पी प्रीति और डेबोराह मतेंजे का आमना-सामना

    भारतीय महिला मुक्केबाज प्रीति का 54 किलोग्राम वर्ग का मुकाबला शुरू हो गया है। इस राउंड ऑफ 16 के मैच में उनका सामना डेबोराह मतेंजे से हो रहा है।

  • 10:41 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    लॉन बॉल में महिला प्लेयर्स का मैच शुरू

    लॉन बॉल्स में महिलाओं के पेयर्स सेक्शनल प्ले का मैच शुरू हो चुका है। सेक्शन बी के राउंड-5 में भारत की ओर से रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी का मुकाबला इंग्लैंड की एमी फैरो और सियान ऑनर से हो रहा है।

  • 9:14 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पीएम मोदी ने दी मीराबाई चानू को बधाई

    मीराबाई चानू के गोल्ड मेडल जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने अपने X पर लिखा कि भारतीय भारोत्तोलन में एक और शानदार अध्याय! प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक बार फिर अपना हुनर दिखाया। उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। लगातार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने और कुल मिलाकर चौथा राष्ट्रमंडल पदक अपने नाम करने के साथ, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं। उन्हें बधाई! भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

     

  • 8:24 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड मेडल

    मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थगेम्स 2026 में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है। अब उनके नाम कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीतने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। मीराबाई ने स्नैच के बाद क्लीन एंड जर्क के दूसरे प्रयास में 105 किलो का वजन उठाया। मीराबाई ने कुल 190 किलो के वजन के साथ शीर्ष पर जगह बना ली है।

     

  • 8:05 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    क्लीन एंड जर्क राउंड हुआ शुरू

    महिला 48 किलो भार वर्ग में स्नैच राउंड के बाद अब वेटलिफ्टर क्लीन एंड जर्क राउंड में मुकाबला कर रहे हैं। इस राउंड के अपने पहले प्रयास के लिए भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने 105 किलो वजन उठाने का लक्ष्य दर्ज कराया है।

  • 7:55 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    मीराबाई चानू के पास एक और गोल्ड मेडल जीतने का मौका

    भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के पास कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने का बहुत ही शानदार मौका है। उन्होंने स्नैच राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शुरुआती दो कोशिशों में कॉमनवेल्थ गेम्स में नया रिकॉर्ड बना दिया है। अगर वे इस मुकाबले में गोल्ड मेडल जीत लेती हैं, तो यह लगातार तीसरी बार होगा जब वे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम करेंगी।

  • 7:40 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    मीराबाई चानू ने रचा इतिहास

    भारतीय स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया है। महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग के स्नैच राउंड में उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 82 किग्रा और तीसरे प्रयास में 85 किग्रा वजन उठाया। इस तरह उन्होंने लगातार दो बार नया रिकॉर्ड बनाया। इस शानदार शुरुआत के साथ वे गोल्ड मेडल जीतने की रेस में सबसे आगे पहुंच गई हैं।

  • 7:14 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पहले प्रयास में मीराबाई चानू को मिली सफलता

    भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने अपने पहले प्रयास के लिए 82 किलोग्राम वजन चुना है, जो बाकी सभी खिलाड़ियों से काफी ज्यादा है। इसका मतलब है कि वह अपने वर्ग के मुकाबले में सबसे आखिर की तरफ मंच पर उतरेंगी।

  • 6:40 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    मीराबाई चानू पर रहेंगी सभी की नजरें

    भारत की मशहूर वेटलिफ्टर मीराबाई चानू कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका यह मुकाबला आज शाम 6:30 बजे शुरू होगा।

  • 5:29 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    फाइनल में पहुंची भारतीय स्विमिंग टीम

    भारतीय स्विमिंग टीम मेंस के 4 x 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले इवेंट के फाइनल में पहुंच गई है। इस मुकाबले में श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौडा और दक्षण शशिकुमार की टीम ने अपनी रेस (हीट) में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

  • 4:26 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर मेडल

    ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने स्नैच राउंड में नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में उन्होंने 151 किलोग्राम वजन उठाकर एक और रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की, लेकिन वह इस लिफ्ट को पूरा नहीं कर पाए। इसके बावजूद, अपने बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत वह देश के लिए सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे।

  • 4:12 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पहले प्रयास में कैसा रहा ऋषिकांत सिंह का प्रदर्शन

    ऋषिकांता सिंह ने 143 किलोग्राम का वजन उठाकर 'क्लीन एंड जर्क' दौर की बेहतरीन शुरुआत की है। उन्होंने इस वजन को बहुत ही आसानी से उठा लिया, जो भारत के लिए एक बहुत अच्छी और राहत देने वाली खबर है।

     

  • 3:40 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    क्लीन एंड जर्क राउंड शुरू

    क्लीन एंड जर्क राउंड में म्बोया 130 किलो से अपनी शुरुआत करेंगे, जबकि सोमाथिलाका 135 किलो भार उठाएंगे। वहीं, ऋषिकांत ने 145 किलो उठाने का लक्ष्य तय किया है और कस्डन 150 किलो के वजन से अपने खेल की शुरुआत करेंगे।

  • 3:39 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    ऋषिकांता सिंह के पास गोल्ड मेडल जीतने का मौका

    भारत के वेटलिफ्टर ऋषिकांता सिंह ने पुरुषों की 60 किलो वर्ग प्रतियोगिता के स्नैच राउंड में 121 किलो वजन उठाकर गोल्ड मेडल की उम्मीदें बनाए रखी हैं। इस राउंड में सिर्फ दो ही खिलाड़ी 121 किलो का वजन उठा पाए, जिनमें भारत के ऋषिकांता के अलावा एक मलेशियाई वेटलिफ्टर शामिल था।