1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय फैंस को लगा झटका, भारत नहीं आएंगे स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो

भारतीय फैंस को लगा झटका, भारत नहीं आएंगे स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो

सऊदी अरब का शीर्ष क्लब अल-नासर एफसी गोवा के खिलाफ एएफसी चैंपियंस लीग 2 के मैच के लिए भारत पहुंच रहे हैं, लेकिन मार्की खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के टीम के साथ आने की संभावना नहीं है।

ronaldo- India TV Hindi
Image Source : AP रोनाल्डो

सऊदी अरब के शीर्ष फुटबॉल क्लब अल नासर 20 अक्टूबर की रात भारत पहुंच रहे हैं, जहां वे एएफसी चैंपियंस लीग 2 के अपने अवे मैच में एफसी गोवा का सामना करेंगे। मुकाबला 22 अक्टूबर को फातोर्डा स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, टीम के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस दौरे में शामिल नहीं होंगे।

सऊदी अखबार अल रियाधियाह की रिपोर्ट के अनुसार, 40 साल के रोनाल्डो टीम के साथ भारत नहीं आ रहे हैं, जबकि एफसी गोवा मैनेजमेंट ने उनके आने के लिए कई बार अनुरोध किया था। अल नासर अपनी घरेलू लीग में अल-फतेह पर आसान जीत के बाद अब इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के तीसरे मैच की तैयारी में जुटी है।

फैंस का सपना टूटा

एफसी गोवा ने पूर्व एएफसी कप विजेता अल सीब को हराकर एएफसी चैंपियंस लीग 2 के लिए क्वालिफाई किया था और उन्हें ग्रुप डी में अल नासर के साथ रखा गया है। इस ड्रॉ के बाद भारत में फुटबॉल प्रशंसक रोनाल्डो को मैदान पर देखने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन अब यह सपना अधूरा रह गया है।

खबरों के मुताबिक, रोनाल्डो के अनुबंध में एक क्लॉज है जिसके तहत वह सऊदी अरब के बाहर होने वाले मैचों में खेलने का निर्णय स्वयं ले सकते हैं। वह अगले साल के वर्ल्ड कप की तैयारी पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और अपने खेल शेड्यूल को संभालना चाहते हैं ताकि लंबे समय तक फिट बने रहें।

एफसी गोवा के सामने कड़ी चुनौती

अल नासर की टीम गोवा के डाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचेगी। रोनाल्डो की गैरमौजूदगी के बावजूद अल नासर ने अपने दोनों ग्रुप मैच जीते हैं और अगले दौर में पहुंचने की मजबूत स्थिति में है। एफसी गोवा से मुकाबले के बाद, टीम 28 अक्टूबर को किंग्स कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में अल इत्तिहाद से भिड़ेगी।

(PTI Inputs)