UEFA Women's Euro 2025: डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड ने यूरोपीय महिला फुटबॉल में अपना दबदबा कायम रखते हुए यूरो 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन स्पेन को बेहद रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट के जरिए 3-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने फीफा महिला वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में स्पेन से मिली हार का बदला भी पूरा कर लिया और लगातार दूसरी बार यूरो चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
स्पेन का खिताबी हैट्रिक पूरा करने का सपना टूटा
स्पेन की टीम इस मुकाबले को जीतकर फीफा वर्ल्ड कप 2023 और UEFA नेशंस लीग 2024 के बाद अपनी खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से उतरी थी। हालांकि, इंग्लैंड की दमदार रणनीति और गोलकीपर हन्ना हैम्पटन के बेहतरीन प्रदर्शन ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
मैच की शुरुआत में स्पेन ने बढ़त बना ली थी। मैच के 25वें मिनट में मैरियोना काल्डेन्ते ने शानदार हेडर से गोल कर स्पेन को 1-0 से आगे कर दिया। इंग्लैंड ने वापसी करते हुए 57वें मिनट में एलेसिया रुस्सो के हेडर के जरिए स्कोर बराबर किया। इसके बाद निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में कोई गोल नहीं हुआ, जिससे मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया।
शूटआउट में इंग्लैंड ने दिखाया दम
पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड की गोलकीपर हन्ना हैम्पटन ने मैच का पासा पलट दिया। उन्होंने स्पेन की दो अहम पेनल्टी को बचाकर अपनी टीम को खिताब दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। इनमें एक किक स्पेन की स्टार खिलाड़ी ऐताना बोनमाटी की थी, जिन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इसके अलावा मैरियोना काल्डेन्ते की पेनल्टी भी हैम्पटन ने शानदार तरीके से रोकी। हार के बाद स्पेन की ऐताना बोनमाटी ने कहा कि हम टूर्नामेंट की सबसे अच्छी टीम थे, लेकिन कभी-कभी सिर्फ बेहतर खेल ही काफी नहीं होता। अब हमारी नजरें 2027 में ब्राजील में होने वाले अगले वर्ल्ड कप पर हैं।
(PTI Inputs)