1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड-16 में बनाई जगह, स्वीडन के खिलाफ मुकाबले में दिखा एमबाप्पे का जादू

फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड-16 में बनाई जगह, स्वीडन के खिलाफ मुकाबले में दिखा एमबाप्पे का जादू

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में फ्रांस ने स्वीडन के खिलाफ खेले गए मुकाबले को एकतरफा 3-0 के अंतर से अपने नाम करने के साथ राउंड-16 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। इस मैच में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी एमबाप्पे का कमाल देखने को मिला जिन्होंने कुल 2 गोल दागे।

France vs Sweden- India TV Hindi
Image Source : AP फ्रांस बनाम स्वीडन

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच इस समय फैंस के बीच में चरम पर है, जिसमें राउंड ऑफ 32 के मुकाबले अभी खेले जा रहे हैं। फ्रांस की टीम का इस दौर में सामना स्वीडन से हुआ जिसमें उन्होंने मुकाबले को 3-0 के अंतर से एकतरफा अपने नाम करने के साथ राउंड-16 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। स्वीडन के खिलाफ मैच में सभी की नजरें फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबाप्पे पर थी और उनका जादू भी देखने को मिला जिसमें उन्होंने 2 गोल इस मैच में करने के साथ अपनी टीम को अगले दौर में पहुंचाने की अहम भूमिका अदा की।

पहले हाफ से ही फ्रांस ने दिखाया आक्रामक खेल

स्वीडन के खिलाफ मैच में फ्रांस ने पहले ही हाफ से आक्रामक खेल दिखाया जिसमें पहले 45 मिनट में उन्होंने गोल करने के कई प्रयास किए जिसमें एमबाप्पे का एक गोल ऑफसाइड होने की वजह से रद्द कर दिया गया। इसके बाद पहले हाफ के अतिरिक्त समय में गोल करने के साथ फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ की शुरुआत होने के साथ फ्रांस की तरफ से ब्रैडली बारकोला ने खेल के 53वें मिनट में गोल करने के साथ अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। यहां से फ्रांस की पकड़ मुकाबले में काफी मजबूत हो गई थी जिसमें उनकी जीत को 74वें मिनट में किलियन एमबाप्पे ने मुकाबले में अपना दूसरा गोल करने के साथ पूरी तरह से तय कर दिया। फ्रांस की टीम ने इस मैच को 3-0 से अपने नाम किया। एमबाप्पे इस मैच में 2 गोल करने के साथ फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले प्लेयर्स की लिस्ट में लियोनेल मेसी के बाद अब दूसरे नंबर आ गए हैं जिसमें उनके नाम कुल 18 गोल दर्ज हो चुके हैं।

राउंड ऑफ-16 में पैराग्वे से होगा फ्रांस का सामना

ग्रुप स्टेज से लेकर राउंड ऑफ 32 में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने के वाली फ्रांस की टीम का राउंड ऑफ-16 में अब सामना पैराग्वे की टीम से होगा। दोनों टीमों के बीच में ये मुकाबला भारतीय समयानुसार 5 जुलाई की देर रात 2 बजकर 30 पर होगा। फ्रांस के ग्रुप स्टेज को लेकर बात की जाए तो उन्होंने सेनेगल, नॉर्वे और इराक की टीम के खिलाफ खेले गए अपने सभी मुकाबलों को अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

जर्मनी का टूटा वर्ल्ड कप का सपना, पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में किया बड़ा उलटफेर

FIFA नॉकआउट मुकाबले से पहले विवादों में घिरे केप वर्डे के कप्तान, महिला ने लगाए संगीन आरोप