भारत के स्टार एथलीट गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। गुलवीर ने एशियन गेम्स 2026 में 3 मेडल जीतने का बड़ा कारनामा कर दिया है। 29 सितंबर को गुलवीर ने मेन्स 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतने का बड़ा करिश्मा कर दिया। इस तरह वह एक ही एशियन गेम्स में 3 या उससे ज्यादा मेडल जीतने वाले सिर्फ चौथे भारतीय एथलीट बन गए। 40 साल बाद ऐसा देखने को मिला है। इससे पहले पीटी उषा ने 1986 के एशियन गेम्स में 4 इंडिविजुल मेडल जीते थे।
बिरहानु बाल्यू ने जीता गोल्ड मेडल
गुलवीर ने 5000 मीटर की रेस पूरी करने में 13 मिनट 32.75 सेकंड का समय लिया। वह बहरीन के बिरहानु बाल्यू और जापान के टोमोनोरी यामागुची के बाद तीसरे स्थान पर रहे। बिरहानु बाल्यू ने 13 मिनट 30.79 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि जापान के टोमोनोरी यामागुची ने 13 मिनट 31.43 सेकंड में रेस पूरी करके सिल्वर मेडल हासिल किया।
गुलवीर ने लगाई मेडल की झड़ी
5000 मीटर का ब्रॉन्ज गुलवीर का इस एशियन गेम्स में तीसरा मेडल है। इससे पहले वह मेन्स 1500 मीटर और 10000 मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। 1500 मीटर फाइनल में गुलवीर ने 3 मिनट 31.13 सेकंड का समय निकाला था। वहीं, 10000 मीटर दौड़ में उन्होंने 28 मिनट 29.38 सेकंड का समय दर्ज करते हुए सिल्वर हासिल किया था। 10000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीतना गुलवीर के लिए एक सुधार था, क्योंकि उन्होंने हांगझोऊ में हुए पिछले इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। गुलवीर ने इस साल की शुरुआत में कॉमनवेल्थ गेम्स में दो मेडल जीते थे। उन्होंने CWG में 10000 मीटर में सिल्वर और 5000 मीटर में ब्रॉन्ज अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें:
एशियन गेम्स में भारत की चांदी, भारतीय मिक्स्ड 4x400m रिले टीम ने जीता सिल्वर मेडल
एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स से आया पहला मेडल, सीमा ने 10000 मीटर में जीता ब्रॉन्ज