1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2025: इतनी टीमें लेंगी हिस्सा, जानें कब होगा फाइनल मैच

हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2025: इतनी टीमें लेंगी हिस्सा, जानें कब होगा फाइनल मैच

हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2025 में हिस्सा ले रही टीमों को तीन डिवीजन में बांटा गया है। डिवीजन-ए में कुल 12 टीमें, डिवीजन-बी में 10 टीमें और डिवीजन-सी में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

hockey stadium- India TV Hindi
Image Source : GETTY हॉकी स्टेडियम

हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2025 की शुरुआत 12 अगस्त से हो रही है और इसमें कुल 30 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार यह टूर्नामेंट जालंधर में नए डिवीजन आधारित फॉर्मेट में खेला जाएगा। नया फॉर्मेट इस साल के शुरू में सीनियर और सब जूनियर पुरुष, महिला तथा जूनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप में पहले ही लागू किया जा चुका है। भाग लेने वाली 30 टीमों को डिवीजन 'ए', डिवीजन 'बी' और डिवीजन 'सी' में बांटा गया है।

डिवीजन-ए में शामिल हैं देश की 12 सर्वश्रेष्ठ जूनियर टीमें

हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप में अपने से टॉप डिवीजन में जगह बनाने और निचले डिवीजन में खिसकने का प्रावधान है। डिवीजन 'ए' में देश की 12 सर्वश्रेष्ठ जूनियर पुरुष टीमें शामिल हैं। इनमें गत विजेता पंजाब, उपविजेता उत्तर प्रदेश और तीसरे स्थान पर रहने वाली हरियाणा भी शामिल हैं। डिवीजन-ए की टीमों को चार पूल में बांटा गया है और हर पूल में चार-चार टीमें शामिल हैं। इस डिवीजन के पूल मैच 16 अगस्त से शुरू होंगे, जिसके बाद 20 से 23 अगस्त तक क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 23 अगस्त को खेला जाएगा।

डिवीजन-ए के पूल

  • पूल ए: पंजाब, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु इकाई
  • पूल बी:  उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र
  • पूल सी: हरियाणा, मणिपुर, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव
  • पूल डी: कर्नाटक, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, आंध्र प्रदेश

डिवीजन 'बी' में केवल लीग मैच होंगे, जिसमें टॉप पर रहने वाली दो टीमें डिवीजन 'ए' में खेलेंगी जबकि अंतिम दो स्थान पर रहने वाली दो टीमें डिवीजन 'सी' में खिसक जाएंगी। इस डिवीजन के मैच 12 से 16 अगस्त तक चलेंगे। डिवीजन-बी की टीमों को दो दो पूलों में बांटा गया है।

डिवीजन-बी के पूल

  • पूल ए: मिजोरम, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, अरुणाचल
  • पूल बी: हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, बंगाल, असम 

डिवीजन 'सी' भी लीग फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें टीमों को चार-चार टीमों के दो पूल में बांटा गया है और टॉप दो रैंक वाली टीमों को डिवीजन 'बी' में भेजा जाएगा। इस डिवीजन के मैच 12 से 15 अगस्त तक होंगे।

डिवीजन-सी के पूल

  • पूल ए: केरल, ले पुडुचेरी हॉकी, तेलंगाना, त्रिपुरा 
  • पूल बी: छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, गोवा

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कही ये बात

तीनों ही डिवीजन में किसी भी टीम को जीत पर 3 अंक मिलेंगे। ड्रॉ पर एक अंक और हार पर जीरो अंक मिलेंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि जूनियर टूर्नामेंट भारतीय हॉकी के भविष्य के लिए बेहद अहम है। युवा खिलाड़ी इस फॉर्मेट में खेलकर बहुत कुछ सीखेंगे क्योंकि हमें सभी डिवीजनों की टीमों के बीच एक अलग स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

(Input: PTI)

यह भी पढ़ें:

IPL 2026 से पहले अश्विन ने फ्रेंचाइजी को बताई जिम्मेदारी, साफ शब्दों में कही ये बड़ी बात

मोहम्मद यूसुफ भी हो जाएंगे पीछे, बाबर आजम को वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाने होंगे सिर्फ इतने रन