IND vs MAS: मलयेशिया को हराकर मेंस हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा, ओलंपिक टिकट भी पक्का
भारतीय महिला हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर एशियन गेम्स में अपने अभियान का अंत शानदार तरीके से किया। अब पुरुष हॉकी टीम ने भी मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलयेशिया को 5-1 से हराकर एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) जीत लिया है। इस शानदार जीत के साथ भारत ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। एशियन गेम्स के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब भारत की पुरुष और महिला, दोनों हॉकी टीमों ने एक साथ गोल्ड मेडल जीता हो। साथ ही, यह पहला मौका है जब भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतकर अपने ख़िताब को बरकरार रखा है। इससे पहले भारत ने 2023 के हांगझू एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था।
भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में किए गए अपने खराब प्रदर्शन से सबक लिया और मलयेशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके गोल्ड मेडल जीता। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 23वें मिनट तक भारत ने 3-0 की अच्छी बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में 3 गोल खाकर बढ़त गंवा दी। आखिर में मैच खत्म होने से सिर्फ 49 सेकेंड पहले अभिषेक ने गोल करके भारत को 4-3 से रोमांचक जीत दिलाई और फाइनल में पहुंचाया। अब इस फाइनल मैच में टीम इंडिया दमदार प्रदर्शन करके गोल्ड मेडल हासिल करना चाहेगी।
भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन का कहना है कि मलयेशिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और यह मुकाबला काफी रोमांचक होगा। उन्होंने बताया कि भारत ने काफी समय से मलयेशिया के खिलाफ कोई मैच नहीं खेला है। दोनों ही टीमें आक्रामक अंदाज में खेलती हैं और दोनों के पास तेज और कुशल खिलाड़ी हैं, इसलिए भारतीय टीम का पूरा ध्यान अपनी रणनीति पर अमल करने पर रहेगा।
Live updates : IND vs MAS Hockey Gold Medal Match Live Updates
-
October 03, 2026 5:23 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हॉकी में भारत की मेंस टीम ने जीता गोल्ड
भारतीय मेंस हॉकी टीम ने मलयेशिया को 5-1 से हराकर एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया है। इस बड़ी जीत के साथ ही भारत ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया है।
-
October 03, 2026 5:17 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत ने दागा पांचवां गोल
फाइनल मैच में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत सिंह ने उसे गोल में तब्दील कर दिया। उन्होंने गेंद को सीधे गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया, जिससे भारत की बढ़त अब 5-1 हो गई है। यह मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा नजर आ रहा है। मैच में हरमनप्रीत का यह दूसरा गोल है और अब यह लगभग तय लग रहा है कि गोल्ड मेडल भारत के नाम ही होने वाला है।
-
October 03, 2026 5:14 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
शीलानंद लकड़ा ने किया एक और गोल
शीलानंद लकड़ा ने भारत के लिए बेहतरीन फिल्ड गोल किया। दाएं छोर से आए पास को उन्होंने गोलपोस्ट के पास बड़े ही आराम से गोल में तब्दील कर दिया। इसके साथ ही भारत ने मैच में 4-1 की मजबूत बढ़त बना ली है। अब खेल खत्म होने में पांच मिनट से भी कम का समय बचा है और भारतीय टीम इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ी है।
-
October 03, 2026 4:50 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत ने किया तीसरा गोल
तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने से ठीक पहले भारत ने तीसरा गोल करके 3-1 की बढ़त हासिल कर ली है। यहां से अब मलेशिया के लिए वापसी कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है। हरमनप्रीत ने बाईं तरफ शॉट लगाया, लेकिन गेंद निशाने से चूक गई और बाहर चली गई। इसके बाद रीटेक लिया गया, जिस पर मलेशिया ने रिव्यू मांगा और उनका रिव्यू सही साबित हुआ। इसके थोड़ी ही देर बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर अंपायर ने भारत को पेनल्टी दे दिया। मलेशिया ने इस फैसले पर फिर से रिव्यू लिया, लेकिन फैसला भारत के पक्ष में ही रहा। इसके बाद हार्दिक सिंह शॉट लगाने आगे आए और उन्होंने गोलकीपर के बाईं ओर से शानदार गोल दाग दिया, जिससे गोलकीपर को बचाव का कोई मौका ही नहीं मिला।
-
October 03, 2026 4:43 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत को मिला पेनल्टी कॉर्नर का फायदा
लकड़ा ने भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। यहां भारत के पास अपनी बढ़त को 3-1 करने का मौका था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्योंकि जुगराज का शॉट थोड़ा ऊंचा चला गया और गेंद गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गई।
-
October 03, 2026 4:34 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू
तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो गया है। अब भारतीय टीम अगले 30 मिनट के खेल में बिना कोई गलती किए इस लीड को बढ़ाना चाहेगी। भारतीय टीम की नजरें इस वक्त गोल्ड मेडल पर है।
-
October 03, 2026 4:24 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हाफ टाइम तक भारतीय टीम आगे
भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में एक गोल किया और हाफ टाइम तक भारतीय टीम 2-1 से आगे है। अब अगले दोनों क्वार्टर में भी टीम इंडिया इस बढ़त को बढ़ाना चाहेगी।
-
October 03, 2026 4:15 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय टीम ने किया दूसरा गोल
लकड़ा ने भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। इस बार शॉट लगाने की जिम्मेदारी जुगराज ने संभाली और एक जबरदस्त शॉट मारकर गेंद को सीधे गोल में पहुंचा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने मैच में 2-1 से बढ़त बना ली है।
-
October 03, 2026 4:13 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय टीम नहीं उठा सकी पेनल्टी कॉर्नर का फायदा
मलेशिया के खिलाड़ी दूसरे काररर में लगातार अटैक कर रहे हैं। अखिमुल्लाह ने भारतीय सर्कल में गेंद को बेहतरीन ढंग से कंट्रोल करते हुए दौड़ लगाई और भारतीय टीम की धड़कनें बढ़ा दी थीं। हालांकि, इसके थोड़ी ही देर बाद मलेशिया के एक खिलाड़ी की डिफेंसिव गलती की वजह से भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया, लेकिन मलेशिया की किस्मत अच्छी रही कि भारतीय टीम इस पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी।
-
October 03, 2026 4:08 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत और मलेशिया के बीच शानदार टक्कर
दूसरे क्वार्टर में मलेशिया की टीम ने एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। उन्होंने इसमें बहुत बढ़िया वैरिएशन दिखाई, लेकिन मोहित ने शानदार डिफेंस कर लिया। इसके बाद इस फैसले का रिव्यू लिया गया और मलेशिया की अपील बिल्कुल सही निकली। गेंद एक भारतीय खिलाड़ी के पैर से लगी थी। इसके चलते मलेशिया को दोबारा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके।
-
October 03, 2026 3:59 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
पहले क्वार्टर का खेल हुआ खत्म
पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने से कुछ समय पहले मलेशिया की टीम ने भी एक जबरदस्त गोल करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया है। पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है।
-
October 03, 2026 3:56 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत ने किया शानदार गोल
मलेशिया और भारत के बीच गोल्ड मेडल मैच खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने 12वें मिनट में पहला गोल किया। इस गोल के बाद टीम इंडिया ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत को ये गोल्ड पेनल्टी कॉर्नर के जरिए मिला है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पहले क्वार्टर में गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई।
-
October 03, 2026 3:51 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारत के पास गोल करने का था मौका
विवेक सागर प्रसाद ने बाईं तरफ से गोल करने की कोशिश की और एक रिवर्स हिट लगाई, लेकिन गेंद निशाने पर नहीं लगी। उन्होंने शॉट खेलने में जल्दबाजी कर दी। शॉट लगाने से पहले वे एक सेकंड और रुक सकते थे। इसके थोड़ी ही देर बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर विरोधी टीम के इलाके में एंट्री की, लेकिन मलेशिया के डिफेंस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनके हमले को नाकाम कर दिया।
-
October 03, 2026 3:50 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
एशियन गेम्स में भारत को दो बार हरा चुका है मलेशिया
मलेशिया ने एशियन गेम्स में भारत को अब तक सिर्फ दो बार हराया है। मलेशिया की टीम को ये दोनों जीत 2010 और 2018 के सेमीफाइनल मुकाबले में मिली थीं। दोनों ही बार उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।
-
October 03, 2026 3:40 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
गोल्ड मेडल मैच शुरू
भारत और मलेशिया के बीच मेंस हॉकी में गोल्ड मेडल मैच की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमों के पास गोल्ड मेडल जीतने का मौका है। भारतीय प्लेयर्स इस मैच में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाने की कोशिश करेंगे।
-
October 03, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
10 मिनट की देरी से शुरू होगा मैच
भारत और मलेशिया के बीच होने वाला गोल्ड मेडल मैच अब दोपहर 3:40 बजे शुरू होगा, यानी इसमें 10 मिनट की देरी हुई है। दरअसल, भारतीय टीम रास्ते में ट्रैफिक जाम में फंस गई थी, जिस वजह से प्लेयर्स देर से वेन्यू पर पहुंचे।
-
October 03, 2026 3:21 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन कर रही है टीम इंडिया
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में जारी है। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए 10 गोल दागे हैं, जिससे वे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, उनका साथ दे रहे अभिषेक और दिलप्रीत सिंह की जोड़ी भी बेहतरीन फॉर्म में है और दोनों ने मिलकर टीम के लिए 9-9 गोल बनाए हैं।
-
October 03, 2026 3:08 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हरमनप्रीत और मनप्रीत के पास इतिहास रचने का मौका
भारत अगर गोल्ड मेडल जीत जाता है तो हरमनप्रीत लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान होंगे। वहीं मनप्रीत सिंह तीन एशियन गेम्स स्वर्ण पदक जीतने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले वह 2014 और 2023 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। -
October 03, 2026 2:55 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय मेंस हॉकी टीम की नजरें गोल्ड मेडल पर
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का गोल्ड मेडल मैच में सामना मलेशिया की टीम से होने जा रहा है, जिसमें इस मुकाबले में उनकी नजरें अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा करने के साथ ओलंपिक 2028 के लिए भी जगह पक्की करने पर रहने वाली है।