1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. IND vs PAK: भारत की शानदार जीत, पाकिस्तान को पहले मुकाबले में 3-2 से दी मात, VETO पर हुआ लाइव प्रसारण

IND vs PAK: भारत की शानदार जीत, पाकिस्तान को पहले मुकाबले में 3-2 से दी मात, VETO पर हुआ लाइव प्रसारण

SAFF चैंपियनशिप 2026 का आगाज 5 नवंबर से हो चुका है। इस टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने हुई। इस मैच को भारत ने अपने नाम किया। इस मैच का लाइव प्रसारण VETO OTT पर बिल्कुल फ्री किया गया।

IND vs PAK SAFF Championship- India TV Hindi
Image Source : VETO IND vs PAK

सैफ चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत आज (5 नवंबर) से हो चुकी है। इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 3-2 से अपने नाम किया। इस मैच में पहले हाफ का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया 3-0 से आगे थी। भारत के लिए मुहम्मद सुहेल भट ने 13वें और 19वें मिनट में दो बेहतरीन गोल दागे, जबकि 32वें मिनट में किपगेन ने तीसरा गोल कर टीम की बढ़त को और मजबूत कर दिया। हालांकि इसके बाद दूसरे हाफ में 90 मिनट तक दोनों ही टीमें एक भी गोल नहीं कर पाई। लेकिन इसके बाद 4 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम दिया गया। उस दौरान पाकिस्तान के प्लेयर ने दो गोल किए। लेकिन अंत में टीम इंडिया ने 3-2 से मैच को अपने नाम किया।

दोनों ही टीमें ग्रुप बी का हिस्सा हैं। यह टूर्नामेंट इस साल बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेला जा रहा है। भारत इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है। पिछले सीजन में उन्होंने कुवैत को पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीता था। ऐसे में टीम इंडिया पर इस बार अपने टाइटल को बचाने की बड़ी चुनौती होगी। यह टूर्नामेंट 5 से 17 नवंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस रोमांचक मैच समेत सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण VETO पर फ्री में किया जा रहा है।

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान की फुटबॉल टीमों के बीच अब तक कुल 26 मैच खेले गए हैं। यहां अब तक भारत का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने इनमें से 17 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली है और 7 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। दोनों के बीच आखिरी मुकाबला साल 2023 की सैफ चैंपियनशिप में बेंगलुरु खेला गया था। उस मैच में सुनील छेत्री के हैट्रिक गोल की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से बुरी तरह हराया था। ऐसे में आज होने वाले मैच में भी भारतीय टीम अपने इस पुराने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

6 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है

सैफ चैंपियनशिप 2026 में कुल 6 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान और मालदीव की टीमें हैं, जबकि ग्रुप-बी में भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका को रखा गया है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 नवंबर को खेला जाएगा। इस चैंपियनशिप के जुड़ने से VETO के स्पोर्ट्स कार्निवल को और बढ़ावा मिला है, जिसके तहत इस प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और टेनिस जैसे खेलों की 300 घंटे से ज्यादा की लाइव स्ट्रीमिंग फैंस को देखने को मिलेगी।

 

 

Live updates : IND vs PAK SAFF Championship Live

  • 4:57 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत ने पाकिस्तान को पीटा

    SAFF चैंपियनशिप के पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से रौंदा है। पाकिस्तान की टीम ने दोनों गोल एक्स्ट्रा टाइम में किए।

  • 4:54 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पाकिस्तान ने दागा पहला गोल

    91वें मिनट में पाकिस्तान के प्लेयर ने अपनी टीम के लिए पहला गोल किया है। अब भी भारतीय टीम इस मैच में 3-1 से आगे है।

  • 4:51 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    4 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम

    90 मिनट का खेल खत्म हो चुका है और भारत अभी भी 3-0 आगे है। दोनों टीमों को 4 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम दिया गया है।

  • 4:47 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    अर्श ने सेव किया गोल

    मैककील के पास दाईं तरफ गेंद थी और उन्होंने दो डिफेंडर को छकाकर नबी को बॉक्स के अंदर पास दे दिया। नबी ने दौड़ते हुए ही सीधे शॉट मारा लेकिन गोलकीपर अर्श ने समय पर आगे आकर गोल का दायरा छोटा कर दिया और शानदार तरीके से उस शॉट को बचा लिया।

  • 4:43 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत ने नहीं दिया पाकिस्तान को वापसी का मौका

    मैच खत्म होने में अब 10 मिनट और अतिरिक्त समय बाकी है। भारतीय कोच नौशाद मूसा टीम के अब तक के प्रदर्शन से काफी खुश होंगे। भारतीय खिलाड़ियों ने अभी तक इस मैच में पाकिस्तान को वापसी का मौका नहीं दिया है।
  • 4:37 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पाक खिलाड़ी अहमद खान को लगी चोट

    खेल में फिर से थोड़ी रुकावट आई थी क्योंकि पाकिस्तान के एक और खिलाड़ी अहमद खान, मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से मैदान पर गिर गए हैं। लेकिन ऐसा लग रहा है कि वह आगे खेल जारी रख पाएंगे, और खेल दोबारा शुरू हो गया है।

  • 4:23 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पाकिस्तान का एक खिलाड़ी हुआ चोटिल

    पाकिस्तान की टीम को बीच मुकाबले में मजबूरी में एक बदलाव करना पड़ा है। दरअसल पाकिस्तान के खिलाड़ी रहमान (Rehman) घायल होकर जमीन पर गिर गए हैं। उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया है।
  • 4:19 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    दूसरे हाफ में पाकिस्तान का प्रदर्शन रहा है बेहतर

    पाकिस्तान की टीम इस दूसरे हाफ में काफी बेहतर खेल रही है, और उनके पास भी ज्यादा आत्मविश्वास के साथ आ रहे हैं। लेकिन फिर भी आखिरी मौका पर गोल तक पहुंचने वाला वह शॉट उनके प्लेयर्स से मिस हो रहा है। उनकी टीम अभी तक एक भी गोल नहीं दाग पाई है।

  • 4:15 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    टीम इंडिया ने गंवाया गोल का मौका

    भारत के पास मैच को पूरी तरह से जीतने का मौका था जब गेंद मोहम्मद सुहेल के पास आई और उनके आगे बाईं तरफ काफी खाली जगह थी। लेकिन, गेंद को संभालने में उनसे थोड़ी चूक हो गई और पाकिस्तान के गोलकीपर ने आसानी से गेंद को पकड़ लिया।

  • 3:49 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पहले हाफ का खेल हुआ खत्म

    पहले हाफ का खेल खत्म हो चुका है। शुरुआती 45 मिनट तक टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला है। पहले हाफ का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 3-0 से आगे है।

  • 3:47 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारतीय टीम का दबदबा

    भारतीय टीम इस मुकाबले में पूरी तरह से हावी नजर आ रही है और पाकिस्तान की टीम दबाव में दिख रही है। 43वें मिनट में भारत को एक और कॉर्नर मिला, लेकिन पाकिस्तानी डिफेंडरों ने इसे खतरे से बाहर निकाल दिया। फिलहाल भारत मैच में 3-0 से आगे चल रहा है।

  • 3:42 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पाकिस्तान ने मिस किया पेनल्टी कॉर्नर

    पाकिस्तान के पास पेनल्टी के जरिए पहला गोल करने का एक बेहतरीन मौका था, लेकिन उनके 11वें नंबर के खिलाड़ी गोल नहीं कर पाए।

  • 3:33 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत ने किया तीसरा गोल

    SAFF चैंपियनशिप के इस मैच में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने इस मैच में अब तक तीन गोल कर दिए हैं। 32वें मिनट में टीम इंडिया के लिए ये गोल मंगलेंथांग किपगेन ने किया है।

  • 3:20 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत ने किया दूसरा गोल

    भारत की इस मैच में शानदार शुरुआत हुई है। 18वें मिनट में सुहैल अहमद ने गोल किया है। रिंकी शाबोंग बीच मैदान से गेंद को बहुत ही खूबसूरती से बढ़ाया और गेंद सुहेल भट के पास गई। बाद में उन्होंने बिना हड़बड़ाहट के संभलकर शॉट मारा और गेंद को सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा कर गोल कर दिया। भारत के तरफ से दोनों गोल सुहैल ने किया है।

  • 3:14 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत ने दागा पहला गोल

    SAFF चैंपियनशिप में टीम इंडिया ने पहला गोल किया है।  भारत की तरफ से बहुत ही शानदार खेल देखने को मिला। लेफ्ट साइड से मोहम्मद सुहैल तेजी से गेंद लेकर आगे बढ़े और पाकिस्तान के गोल पोस्ट के सामने बहुत ही बेहतरीन क्रॉस पास डाला। इसके बाद सुहैल ने अपनी शानदार काबिलियत दिखाते हुए डिफेंडर के पीछे से आकर पास को आसानी से गोल में बदल दिया।

     
  • 3:02 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत और पाकिस्तान के बीच शुरू हुआ मुकाबला

    SAFF चैंपियनशिप में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला शुरू हो चुका है। दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर उतर चुके हैं।

  • 2:49 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    पाकिस्तान की शुरुआती प्लेइंग XI

    यूसुफ बट (गोलकीपर); मोहिब, हसीब, वकार, शायक दोस्त, हय्यान खट्टक, उजैर, गाजी, जेब; रजा, रहमान

  • 2:41 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    भारत की शुरुआती प्लेइंग XI

    अर्श शेख (गोलकीपर), बिजॉय वर्गीस, मुहम्मद उवैस, वालपुइया, अभिषेक सूर्यवंशी, प्रभु, रिकी शाबोंग, मंगलेंथांग किपगेन, सुहैल भट, नौशाद, मुहम्मद सुहैल

  • 2:32 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    SAFF Championship के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड

    पाकिस्तान फुटबॉल टीम - साकिब हनीफ, हसन अली, यूसुफ बट, अब्दुल रहमान, अब्दुल्ला इकबाल, अली खान नियाजी, ईसा सुलेमान, हारिस जेब, हसीब अहमद खान, मामून मूसा खान, मोहिबुल्लाह अफरीदी, वकार एहतिशाम बलूच, जुनैद शाह, आदिल नबी, अली उजैर महमूद, हय्यान खट्टक, तुफैल खान शिनवारी, जुनैल आबिदीन इशाक, मुहम्मद जुनैद, अली अकबर खान, सैयद अली रजा, अब्दुल समद अरशद, आलमगीर गाजी, कलीमुल्लाह, मैककील अब्दुल्ला, नजीबुल्लाह, शायक दोस्त, उमर नवाज

  • 2:20 PM (IST) Posted by Hitesh Jha

    SAFF Championship के लिए भारत का स्क्वॉड

    भारतीय फुटबॉल टीम - अर्श अनवर शेख (जीके), मोहनराज के (जीके), प्रियांश दुबे (जीके), अब्दुल रबीह, बिजॉय वर्गीस, चिंगलेनसाना सिंह कोनशाम, हिंगथनमाविया राल्ते, खैमिनथांग ल्हुंगडिम, मुहम्मद उवैस, नाथन रोड्रिग्स, रोनी खारबुडन, संदीप मंडी, अभिषेक सूर्यवंशी, एडिसन सिंह थोकचोम, ब्रिसन फर्नांडीस, एबिंडास येसुदासन, फारुख चौधरी, मैकर्टन निकसन, मंगलेंथांग किपगेन, निखिल प्रभु, नौफल पीएन, रिकी जॉन शाबोंग, सुरेश सिंह वांगजम, इरफान यदवाड, लिस्टन कोलाको, मुहम्मद सुहैल, विष्णु पीवी, सुहैल अहमद भट