1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. IND vs PAK: FIH Pro League 2026 में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, 4-3 से जीता मुकाबला

IND vs PAK: FIH Pro League 2026 में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, 4-3 से जीता मुकाबला

IND vs PAK: FIH प्रो लीग 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच लंदन में खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में टीम इंडिया ने आसानी से पाकिस्तान को हरा दिया।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
Image Source : X@FIH इंडियन हॉकी टीम

IND vs PAK: लंदन में खेले गए FIH प्रो लीग 2026 के एक बेहद रोमांचक मैच में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हरा दिया। मैच की शुरुआत में पाकिस्तानी टीम आगे चल रही थी, लेकिन भारत ने इस मैच में जोरदार वापसी की। भारत की तरफ से अभिषेक, नीलाकांत शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर ने शानदार गोल दागकर टीम को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। आखिरी समय में पाकिस्तान ने लगातार दो गोल करके मैच को काफी रोमांचक बना दिया और स्कोर 4-3 पर ला खड़ा किया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी मिनटों में दबाव को अच्छे से झेला और अपने बेहतरीन डिफेंस के दम पर पाकिस्तान को बराबरी करने का कोई मौका नहीं दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा बरकरार रखा है।

पहले क्वार्टर में पाकिस्तान के पास थी बढ़त

पहले क्वार्टर के आखिरी मिनटों में भारतीय टीम ने मैच में वापसी करने की पूरी कोशिश की। भारत को लगातार कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन पाकिस्तान के मजबूत डिफेंस ने भारत के हर कोशिशों को नाकाम कर दिया। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत सिंह के एक तेज शॉट को रोकते हुए पाकिस्तान के खिलाड़ी अब्दुल मन्नान चोटिल भी हो गए। तमाम कोशिशों के बावजूद भारतीय टीम पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं कर पाई और पहला क्वार्टर खत्म होने तक पाकिस्तान 1-0 से आगे रहा।

दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भी टीम इंडिया का रहा दबदबा

इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। अभिषेक ने पहला गोल करके भारत को बराबरी दिलाई और फिर नीलकांत शर्मा ने अपने इंटरनेशनल करियर का 19वां शानदार गोल दागकर भारत को मैच में पहली बार आगे कर दिया। इन दोनों गोलों की बदौलत हाफ-टाइम के खत्म होने तक भारत ने पाकिस्तान पर 2-1 की बेहद जरूरी बढ़त बना ली और मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। तीसरे क्वार्टर में भी मैदान पर भारतीय टीम का ही जलवा देखने को मिला। भारत ने मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया। इस बार सुखजीत सिंह ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मैच का तीसरा गोल दागा, जिससे टीम इंडिया की बढ़त और बड़ी हो गई।

आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने की वापसी, लेकिन टीम इंडिया ने जीता मुकाबला

चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। यहां भारतीय टीम ने अपनी रणनीति बदलते हुए एक बेहतरीन गोल किया और पाकिस्तान पर 4-1 की एक बड़ी और मजबूत बढ़त बना ली। ऐसा लग रहा था कि भारत इस मैच को आसानी से जीत जाएगा। लेकिन मैच के आखिरी मिनटों में पाकिस्तान ने अचानक जोरदार पलटवार किया और भारतीय डिफेंस को चौंकाते हुए लगातार दो गोल दाग दिए। मैच खत्म होने से ठीक पहले स्कोर 4-3 हो गया, जिससे मैदान पर रोमांच और तनाव दोनों बहुत बढ़ गए। हालांकि, इस भारी दबाव के बावजूद भारतीय टीम ने खुद को संभाला और अपनी बढ़त को बचाए रखा। इस तरह भारत ने यह रोमांचक मुकाबला 4-3 से जीतकर 3 पॉइंट्स अपने नाम किए।

यह भी पढ़ें

एम्बाप्पे का 100वें मैच में बड़ा धमाका, फ्रांस नॉकआउट में, FIFA वर्ल्ड कप में बना नया इतिहास

FIFA World Cup: लियोनल मेसी का महारिकॉर्ड, बने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी