1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय टीम CAFA नेशंस कप में ताजिकिस्तान के खिलाफ करेगी अपने अभियान का आगाज

भारतीय टीम CAFA नेशंस कप में ताजिकिस्तान के खिलाफ करेगी अपने अभियान का आगाज

भारतीय फुटबॉल टीम CAFA नेशंस कप 2025 में शिरकत करने के लिए तैयार है। भारत 29 अगस्त को अपने पहले मुकाबले में ताजिकिस्तान का सामना करेगी।

indian football team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय फुटबॉल टीम

भारतीय फुटबॉल टीम नई चुनौती के लिए तैयार है। भारतीय टीम CAFA नेशंस कप फुटबॉल टूर्नामेंट 29 अगस्त को दुशांबे में मेजबान ताजिकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगा। भारत को टूर्नामेंट के ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका पहला मुकाबला इस ग्रुप की अन्य दो टीम ईरान और अफगानिस्तान हैं। 8 सितंबर तक चलने वाला यह सेंट्रल एशियन रीजनल टूर्नामेंट, AFC एशियन कप 2027 क्वालीफायर फाइनल राउंड से पहले भारत के लिए तैयारी का काम करेगा। 

8 टीमें लेंगी हिस्सा

भारत ग्रुप स्टेज के अपने अगले दो मैच एक सितंबर को ईरान और चार सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगा। इस टूर्नामेंट में आठ टीम भाग लेंगी। प्रत्येक ग्रुप की विजेता टीमें ताशकंद में फाइनल में जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दुशांबे में तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगी। ग्रुप ए के मैच ताशकंद में खेले जाएंगे। इस ग्रुप में मेजबान उज्बेकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, तुर्कमेनिस्तान और ओमान शामिल हैं। 

इस टूर्नामेंट में भारत और ओमान दो मेहमान टीमें हैं। ईरान गत विजेता है, जिसने 2023 के फाइनल में उज्बेकिस्तान को 1-0 से हराया था। संयोग से यह भारतीय टीम के नए मुख्य कोच का पहला टूर्नामेंट भी होगा। खालिद जमील और स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन इस पद की दौड़ में बने हुए हैं। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) 1 अगस्त को नेशनल टीम के हेड कोच के नाम का ऐलान करेगा।

CAFA नेशंस कप 2025 

ग्रुप A (ताशकंद): उज्बेकिस्तान (H), किर्गिज गणराज्य, तुर्कमेनिस्तान, ओमान
ग्रुप B (दुशांबे): ताजिकिस्तान (H), ईरान, अफगानिस्तान, भारत

CAFA नेशंस कप 2025 में भारतीय टीम का शेड्यूल

29 अगस्त: बनाम ताजिकिस्तान
1 सितंबर: बनाम ईरान
4 सितंबर: बनाम अफगानिस्तान।

(PTI Inputs)