1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत ने पाकिस्तान को FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी बार चटाई धूल, मुकाबले को एकतरफा 7-1 से जीता

भारत ने पाकिस्तान को FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी बार चटाई धूल, मुकाबले को एकतरफा 7-1 से जीता

FIH Pro League 2025-26 में भारतीय टीम ने लंदन चरण में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मुकाबले को एकतरफा 7-1 के अंतर से अपने नाम किया है।

Indian Hockey Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय हॉकी टीम

भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले एक दशक के शानदार रिकॉर्ड को कायम रखा हुआ है जिसमें उन्होंने लंदन में खेले गए पाकिस्तान के खिलाफ FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 के मुकाबले को 7-1 के बड़े अंतर से अपने नाम किया है। इस मैच से पहले 23 जून को भी भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान के साथ हुआ था जिसको वह 4-3 के अंतर से जीतने में कामयाब हुए थे। इस मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तानी टीम ने काफी अच्छी की थी जिसमें वह पहले क्वार्टर में 1-0 से आगे थे लेकिन दूसरे क्वार्टर से टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला और उन्होंने मैच के अंत तक इसे बनाकर रखते हुए शानदार एकतरफा जीत हासिल की।

सुखजीत ने खोला टीम इंडिया का खाता, कप्तान हरमनप्रीत ने दिलाई बढ़त

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए इस हॉकी मुकाबले के पहले हॉफ में पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद अबू ने खेल के 13वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में 1-0 से आगे कर दिया था। इसके बाद दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू होने के साथ भारतीय खिलाड़ी सुखजीत ने 20वें मिनट में शानदार गोल करने के साथ मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। यहां से टीम इंडिया का खेल और अधिक आक्रामक देखने को मिला जिसमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दम पर शानदार गोल करते हुए भारतीय टीम को मुकाबले में 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने पर भारतीय टीम इस मैच में 2-1 से आगे थी।

तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने किए 4 गोल, आखिरी में आया एक गोल

तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू होने के साथ ही भारतीय टीम ने 34वें मिनट में तीसरा गोल कर दिया जो हार्दिक सिंह की स्टिक से आया वहीं अगले ही मिनट जुगराज सिंह ने भी गोल कर दिया जिसके दम पर टीम इंडिया ने 4-1 की बड़ी बढ़त बना ली थी। वहीं 41वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल तो वहीं 45वें मिनट में राज कुमार पाल ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए भारतीय टीम को मैच में 6-1 के बड़े अंतर से आगे करते हुए जीत को पूरी तरह से पक्का कर दिया था, जिसमें तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम 6-1 से आगे थी। वहीं आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तानी टीम पूरी तरह से हताश नजर आई। इस क्वार्टर में भारत की तरफ से दिलप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में गोल किया, जिसके दम पर टीम इंडिया ने मुकाबला 7-1 से खत्म किया।

 

Live updates : IND vs PAK FIH Pro League Match

  • 12:33 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय हॉकी टीम ने एकतरफा 7-1 के अंतर से जीता मुकाबला

    भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी बार मात देने में कामयाबी हासिल की है। लंदन में खेले गए इस मुकाबले को टीम इंडिया ने एकतरफा 7-1 के अंतर से अपने नाम किया है।

  • 12:22 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम मुकाबले में 7-1 से आगे

    भारतीय हॉकी टीम का FIH प्रो लीग में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी शानदार खेल देखने को मिल रहा है, जिसमें चौथे क्वार्टर के जारी खेल में टीम इंडिया अब तक मैच में 7-1 के बड़े अंतर से आगे है।

  • 11:33 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    दूसरे क्वार्टर का खेल हुआ खत्म

    भारत और पाकिस्तान के बीच में खेले जा रहे हॉकी प्रो लीग के मुकाबले में दूसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम इस मैच में 2-1 से आगे थी। दूसरे क्वार्टर में टीम इंडिया की तरफ से शानदार खेल देखने को मिला जिसमें सुखजीत और कप्तान हरमनप्रीत सिंह गोल करने में कामयाब रहे।

  • 11:29 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    कप्तान हरमनप्रीत ने गोल कर भारतीय टीम को दिलाई बढ़त

    पाकिस्तान के खिलाफ लंदन में लंदन में खेले जा रहे हॉकी प्रो लीग के मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दूसरे क्वार्टर में खेल के 26वें मिनट में गोल करने के साथ इस मैच में टीम इंडिया को 2-1 से बढ़त दिला दी है।

  • 11:21 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    सुखजीत सिंह ने गोल कर मुकाबला 1-1 से किया बराबर

    पाकिस्तान के खिलाफ FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय हॉकी खिलाड़ी सुखजीत सिंह ने खेल के 20वें मिनट में गोल करने के साथ इस मुकाबले को अब 1-1 की बराबरी पर ला दिया है।

  • 11:07 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    पहले क्वार्टर में पाकिस्तान 1-0 से आगे

    FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के पहले क्वार्टर का खेल खत्म हो चुका है जिसमें पाकिस्तानी टीम अभी मैच में 1-0 से आगे है। ऐसे में अब टीम इंडिया की नजरें दूसरे क्वार्टर में बढ़त बनाने पर रहने वाली हैं।

  • 11:04 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    पाकिस्तान ने पहला गोल कर बनाई बढ़त

    भारत और पाकिस्तान के बीच में खेले जा रहे लंदन के मैदान पर FIH प्रो लीग 2025-26 के मुकाबले के पहले क्वार्टर 13वें मिनट के दौरान पाकिस्तान के अबू मोहम्मद ने पेनल्टी कॉर्नर के दम पर पहला गोल करने के साथ अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया है।

  • 10:50 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम के शुरुआती 11 खिलाड़ी

    हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अभिषेक, मोहित एचएस (गोलकीपर), हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, रजिंदर सिंह, जरमनप्रीत सिंह, संजय, दिलप्रीत सिंह, सुमित।

  • 10:46 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    पहले क्वार्टर के खेल की हुई शुरुआत

    भारत और पाकिस्तान के बीच में FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 के लंदन चरण में दूसरे मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें पहले क्वार्टर का खेल जारी है। टीम इंडिया ने मुकाबले की शुरुआत काफी आक्रामक तरीके से की है जिसमें उन्हें खेल के पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला है।

  • 10:37 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    पाकिस्तानी हॉकी टीम का स्क्वाड

    अबू बकर महमूद (कप्तान), अब्दुल्ला इश्तियाक खान, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुबाशर अली, खान नदीम, सुफियान खान, मोइन शकील, वहीद अशरफ राणा, हन्नान शाहिद, जिक्रिया हयात, अरशद लियाकत, अरबाज अहमद, उसामा बशीर, अम्माद बट, अहमद नदीम, गजनफर अली, अफराज, वलीद राणा, उमैर सत्तार, अब्दुल मनान, मुहम्मद अम्माद, वकार, मुहम्मद हम्माउद्दीन, जुनैद मंजूर, मुनीब उर-रहमान, अली रजा, रहमान अब्दुल।

  • 10:33 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय हॉकी टीम

    हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), सूरज करकेरा, अमित रोहिदास, सुमित, संजय, मोहित होनेनहल्ली शशिकुमार, यशदीप सिवाच, अमनदीप लाकड़ा, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, नीलकंठ शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, रबीचंद्र सिंह मोइरंगथेम, मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक, आदित्य अर्जुन लालगे, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सेल्वम कार्थी, मनप्रीत सिंह।

  • 10:30 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम की नजरें लगातार दूसरी जीत पर

    हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में खेल रही भारतीय हॉकी टीम की नजरें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले को अपने नाम करने पर रहने वाली है, ताकि उनके खिलाफ FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी मात दी जा सके। टीम इंडिया ने अपने पिछले मुकाबले को 4-3 के अंतर से पाकिस्तान के खिलाफ जीता था।