1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत ने इंग्लैंड को शूटआउट में हराया, जीत के साथ खत्म किया FIH प्रो लीग में अपना अभियान

भारत ने इंग्लैंड को शूटआउट में हराया, जीत के साथ खत्म किया FIH प्रो लीग में अपना अभियान

भारतीय मेन्स हॉकी टीम ने FIH प्रो लीग 2025-26 के अपने आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड को शूटआउट में 3-2 से हराकर अभियान का शानदार अंत किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 0-0 से बराबरी पर रहा, जबकि शूटआउट में अभिषेक, शिलानंद लकड़ा और हार्दिक सिंह ने गोल किए।

FIH Pro League- India TV Hindi
Image Source : HOCKEY INDIA भारत बनाम इंग्लैंड

भारतीय मेन्स हॉकी टीम ने FIHप्रो लीग 2025-26 अभियान का शानदार अंदाज में समापन किया। लंदन में खेले गए आखिरी मुकाबले में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को रोमांचक शूटआउट में 3-2 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका और मुकाबला 0-0 से बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन शूटआउट में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन संयम दिखाते हुए जीत हासिल कर ली। ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में भारत के लिए अभिषेक, शिलानंद लकड़ा और हार्दिक सिंह ने शूटआउट में गोल किए। वहीं भारतीय डिफेंस ने पूरे मैच के दौरान शानदार प्रदर्शन किया। 

मैच की शुरुआत में इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार ने शानदार डबल सेव कर टीम को शुरुआती झटके से बचाया। इसके बाद भी उन्होंने सैम वार्ड के एक और खतरनाक प्रयास को नाकाम कर इंग्लैंड को बढ़त लेने से रोक दिया।

भारत ने गंवाए गोल करने के कई मौके

पहले क्वार्टर में भारत को अभिषेक के जरिए गोल करने का मौका मिला, लेकिन उसे भुनाया नहीं जा सका। दूसरे क्वार्टर में भी इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाए रखा। निकोलस बंडुराक गोल करने के करीब पहुंचे, जबकि दूसरी ओर भारत के जरमनप्रीत सिंह ने भी गोलकीपर की कड़ी परीक्षा ली।

हाफ टाइम के बाद भारतीय टीम ज्यादा आक्रामक अंदाज में लौटी। हार्दिक सिंह ने शानदार काउंटर अटैक शुरू किया और 37वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर भी दिलाया, लेकिन अमनदीप लकड़ा उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। तीसरे क्वार्टर के आखिर में मुकाबले का सबसे बड़ा मोड़ आया, जब यशदीप सिंह पर हेनरी क्रॉफ्ट को फाउल करने का आरोप लगाते हुए इंग्लैंड को पेनल्टी स्ट्रोक दिया गया। भारत ने तुरंत रेफरल लिया और वीडियो रिप्ले में साफ हुआ कि टैकल पूरी तरह वैध था। इसके बाद अंपायर ने अपना फैसला बदल दिया।

शूटआउट में टीम इंडिया ने मारी बाजी

अंतिम क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार हमले किए और आखिरी क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किया। मैच खत्म होने में महज दो सेकंड बाकी थे, तभी मेजबान टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत ने दूसरी बार सफल रेफरल लेकर उस फैसले को भी पलटवा दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 रहने के बाद मुकाबले का फैसला शूटआउट से हुआ। यहां भारत ने 3-2 से जीत दर्ज करते हुए FIH प्रो लीग 2025-26 अभियान का समापन जीत के साथ किया।

यह भी पढ़ें:

भारत ने पाकिस्तान को FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी बार चटाई धूल, मुकाबले को एकतरफा 7-1 से जीता

IND vs PAK: FIH Pro League 2026 में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, 4-3 से जीता मुकाबला