भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने ग्रुप में अजेय रहने के साथ टॉप-8 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। भारतीय महिला टीम को ग्रुप स्टेज में पूल-डी में जगह मिली थी, जिसमें उन्होंने अपना आखिरी और अहम मुकाबला 20 अगस्त को इंग्लैंड की टीम के खिलाफ खेला जिसको वह 0-0 से ड्रॉ पर खत्म करने में कामयाब रहे। इसी के साथ पूल स्टेज में भारतीय टीम ने अपने ग्रुप में 5 अंकों के साथ दूसरी पोजीशन पर रहते हुए टॉप-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस पूल में चीन की टीम ने एक ड्रॉ और दो जीत के साथ पहली पोजीशन पर रहते हुए खत्म किया।
इंग्लैंड आक्रामक खेल के बावजूद नहीं भेद सकी भारतीय डिफेंस की दीवार
भारत और इंग्लैंड महिला टीम के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पूल-डी का मुकाबला काफी रोमांचक देखने को मिला, जिसमें इंग्लैंड की टीम काफी आक्रामक खेल खेलते हुए दिखी लेकिन वह चारों क्वार्टर में भारतीय डिफेंस की दीवार को भेद पाने में कामयाब नहीं हो सकी। इस मैच में इंग्लैंड की महिला टीम को 12 पेनल्टी कॉर्नर मिले थे लेकिन उसमें से वह एक में भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। इसका सबसे बड़ा श्रेय भारतीय महिला टीम की गोलकीपर बिचू देवी को जाता है जिन्होंने गोल पोस्ट के अंदर गेंद को जाने नहीं दिया। वहीं भारतीय महिला टीम को भी मैच में 6 पेनल्टी कॉर्नर मिले थे लेकिन वह गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने पूल स्टेज में पहला मैच चीन की टीम के खिलाफ खेला था जिसे वह 2-2 से बराबरी पर खत्म करने में कामयाब रहीं थी, जबकि अगला मैच उन्होंने साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ खेलते हुए उसे 6-1 से जीतने में कामयाबी हासिल की थी।
अब अगले राउंड में होगा नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया से सामना
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने राउंड-8 में जहां अपनी जगह को पक्का कर लिया है, जिसमें अब अगले राउंड में उनको पूल-E में नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और चीन के साथ जगह मिली है। भारतीय महिला टीम को इस राउंड में सिर्फ नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलना है, जिसमें उसकी पहली भिड़ंत 21 अगस्त को मेजबान नीदरलैंड की महिला टीम से होगी जबकि अगली भिड़ंत 23 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया महिला टीम से होगी।
ये भी पढ़ें
भारतीय हॉकी टीम के लिए विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह नहीं आसान, हर मैच करो या मरो की स्थिति वाला
भारतीय टीम ने पाकिस्तान को किया चारों खाने चित, हॉकी वर्ल्ड कप मुकाबले को 5-3 से किया अपने नाम