1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. "हमें FIFA वर्ल्ड कप से कोई बाहर नहीं कर सकता"; अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बयान पर ईरान की फुटबॉल टीम ने दिया जवाब

"हमें FIFA वर्ल्ड कप से कोई बाहर नहीं कर सकता"; अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बयान पर ईरान की फुटबॉल टीम ने दिया जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान की फुटबॉल टीम के आगामी वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर दिए बयान के बाद अब ईरान की फुटबॉल टीम की तरफ से उसका जवाब दिया गया है।

Iran Football Team- India TV Hindi
Image Source : AFP ईरान फुटबॉल टीम

अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में इस साल 12 जून से फीफा वर्ल्ड कप का आगाज होना है, जिसमें ईरान की टीम को भी हिस्सा लेना है जो टूर्नामेंट में ग्रुप-जी का हिस्सा है। इसी बीच मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में ईरान की टीम के हिस्सा लेने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने उनके हिस्सा लेने को लेकर खिलाड़ियों की जिंदगी और सुरक्षा को लेकर खतरा बताया था। अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान की फुटबॉल टीम का भी जवाब आया है, जिसमें उन्होंने ये साफ कर दिया कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी।

कोई भी ईरान को टूर्नामेंट से बाहर नहीं कर सकता

ईरान की नेशनल फुटबॉल टीम की तरफ से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आने के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका जवाब दिया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि कोई भी ईरान को टूर्नामेंट से बाहर नहीं कर सकता। अमेरिका मेजबान देश है और अगर वह हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षा को सुनिश्चित नहीं कर सकता, तो इसका जिम्मेदार उन्हें ही ठहराया जाना चाहिए। वर्ल्ड कप एक ऐतिहासिक और इंटरनेशनल इवेंट है और इसकी गवर्निंग बॉडी फीफा है ना कि कोई एक देश। ईरान की नेशनल टीम इस बड़े टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीमों में से एक थी। कोई भी ईरान की नेशनल टीम को वर्ल्ड कप से बाहर नहीं कर सकता। यदि किसी को बाहर किया जाना चाहिए तो सिर्फ एक देश को जो मेजबान है जो इवेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों को सुरक्षा देने की काबिलियत नहीं रखता।

ट्रंप ने ईरान की टीम को लेकर दिया था ये बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फीफा वर्ल्ड कप में ईरान की टीम के हिस्सा लेने को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि ईरान की नेशनल फुटबॉल टीम का वर्ल्ड कप में स्वागत है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि मौजूदा हालात में उनका वहां होना उचित है, क्योंकि उनकी जिंदगी और सुरक्षा को खतरा हो सकता है। बता दें कि फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर मुलाकात की है, जिसमें उन्होंने ये साफ किया कि ईरान की टीम इस फुटबॉल वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी।

ये भी पढ़ें

FIFA वर्ल्ड कप में खेलना पड़ सकता है भारी, ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम को दी चेतावनी

KKR ने मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट का किया ऐलान, PSL छोड़कर अब IPL 2026 में खेलेगा ये खिलाड़ी