1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन का खिताब, ज्वेरेव को हराकर पांचवां ग्रैंड स्लैम किया अपने नाम

यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन का खिताब, ज्वेरेव को हराकर पांचवां ग्रैंड स्लैम किया अपने नाम

यानिक सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को एक कड़े मैच में हराकर विंबलडन 2026 का खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ सिनर ने लगातार दूसरी बार विंबलडन की ट्रॉफी अपने नाम की है।

Jannik Sinner- India TV Hindi
Image Source : AP यानिक सिनर ने जीता विंबलडन का खिताब

Highlights

  • वर्ल्ड नंबर-1 यानिक सिनर ने विंबलडन 2026 का मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है।
  • फाइनल में सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-7(7), 7-6(2), 6-3, 6-4 से हराया।
  • यानिक सिनर वर्ल्ड नंबर-1 रहते हुए लगातार दो बार विंबलडन जीतने वाले केवल चौथे खिलाड़ी बने हैं।

दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब जीत लिया है। 12 जुलाई को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने जर्मनी के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव को एक हाई वोल्टेज मैच में हरा दिया। इस शानदार जीत के साथ ही सिनर ने अपने करियर की पांचवीं ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस जीत के साथ ही सिनर ने ज्वेरेव को लगातार 10वीं बार हराया है। इसके अलावा, वह टेनिस के इतिहास में लगातार दो बार विंबलडन का खिताब जीतने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं।

पहले दो सेट में दोनों प्लेयर्स ने किया जबरदस्त प्रदर्शन

फाइनल मैच का पहला सेट बहुत ही रोमांचक रहा। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, जिससे मैच टाईब्रेक में पहुंच गया। इस दौरान ज्वेरेव ने एक जोरदार फोरहैंड विनर शॉट मारकर पहला सेट अपने नाम कर लिया। यह पॉइंट जीतते ही उन्होंने बहुत ही जोश के साथ अपनी खुशी मनाई। दूसरे सेट में भी दोनों खिलाड़ियों ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले। लेकिन सेट के आखिरी समय में ज्वेरेव थोड़े हताश दिखने लगे। सिनर ने इसी बात का फायदा उठाया और टाईब्रेक में बढ़त बनाते हुए दूसरा सेट जीत लिया। इस तरह मैच एक-एक सेट की बराबरी पर आ गया।

मैच के बीच में चोटिल हो गए थे ज्वेरेव

ढाई घंटे से भी ज्यादा चले इस मैच के तीसरे सेट में ज्वेरेव को पहली बार बढ़त बनाने का मौका मिला। लेकिन इसी दौरान सिनर के एक ड्रॉप शॉट को रोकने के चक्कर में वह फिसलकर कोर्ट पर गिर गए। ज्वेरेव अपने दाहिने घुटने को पकड़कर दर्द से कराहने लगे, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद सभी फैंस की सांसें अटक गईं। इसके बाद भी ज्वेरेव ने पट्टी बंधवाने के बाद खेलना जारी रखा। लेकिन अगले ही गेम में सिनर ने उनका सर्विस गेम जीत लिया और 5-3 से आगे हो गए। इस बात से हताश होकर ज्वेरेव ने गुस्से में अपना रैकेट कोर्ट पर ही पटक दिया। फिर सिनर ने यह तीसरा सेट भी अपने नाम कर लिया और मैच में 2-1 की बढ़त बना ली।

आखिरी सेट को सिनर ने एकतरफा अंदाज में किया अपने नाम

चौथे सेट में भी सिनर ने ज्वेरेव का सर्विस गेम जीतकर 4-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने ज्वेरेव को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और बेहतरीन खेल दिखाते हुए मैच जीत लिया। अपनी जीत पक्की होते ही 24 साल के सिनर खुशी के मारे कोर्ट की घास पर लेट गए और लगातार दूसरी बार विंबलडन चैंपियन बनने का जश्न मनाया। इससे पहले 11 जुलाई को विंबलडन 2026 में महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसे लिंडा नोस्कोवा ने अपने नाम किया

यह भी पढ़ें

स्पेन ने बेल्जियम को क्वार्टर फाइनल में दी 2-1 से मात, सेमीफाइनल में अब फ्रांस से होगा सामना

विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में 36 साल बाद पहुंचा भारतीय खिलाड़ी, आखिर कौन हैं अर्णव पापरकर?