1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत के लक्ष्य सेन बने चैंपियन, दूसरी बार जीता हाइलो ओपन का खिताब

भारत के लक्ष्य सेन बने चैंपियन, दूसरी बार जीता हाइलो ओपन का खिताब

लक्ष्य सेन ने हाइलो ओपन के फाइनल में जोनाथन क्रिस्टी को 21-17, 21-10 से हराकर करियर का सातवां खिताब जीता। यह इस सीजन उनका पहला खिताब है। इससे पहले वह 2021 में भी हाइलो ओपन जीत चुके हैं।

Lakshya Sen- India TV Hindi
Image Source : BAI MEDIA लक्ष्य सेन

भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने आखिरकार इस सीजन अपने खिताबी सूखे को खत्म कर दिया। वर्ल्ड रैंकिंग में 14वें नंबर पर काबिज लक्ष्य ने हाइलो ओपन के फाइनल में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेम में हराकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने रविवार को खेले गए मुकाबले में क्रिस्टी को 21-17, 21-10 से शिकस्त दी। यह लक्ष्य के करियर का सातवां खिताब है। यही नहीं, लक्ष्य सेन दूसरा हाइलो ओपन खिताब है और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय हैं।

हाइलो ओपन में दिखा लक्ष्य का जलवा

लक्ष्य के लिए यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि इस सीजन टूर पर उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा था। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के बाद उन्हें आठ बार पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में हाइलो ओपन का खिताब जीतना उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। फाइनल में लक्ष्य ने शुरुआत से ही अच्छा खेल दिखाया, हालांकि पहले गेम में एक समय उनकी लय थोड़ी बिगड़ी। वह 18-10 की बढ़त बनाने के बाद कुछ ढीले पड़े और क्रिस्टी ने लगातार अंक हासिल करते हुए स्कोर 17-18 कर दिया। लेकिन लक्ष्य ने समय रहते वापसी की और पहला गेम 21-17 से जीत लिया।

दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने कोई ढिलाई नहीं बरती। उन्होंने अपने तेज स्मैश, नेट पर शानदार मूवमेंट और सटीक शॉट्स के दम पर क्रिस्टी को दबाव में रखा। विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर मौजूद इंडोनेशियाई खिलाड़ी पूरे मुकाबले में अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करता नजर आया। लक्ष्य ने दूसरा गेम 21-10 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

लक्ष्य का खिताबी सूखा समाप्त

सेमीफाइनल में लक्ष्य ने फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हाइलो ओपन में यह उनकी दूसरी खिताबी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2021 में भी इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था। लक्ष्य ने अपना पिछला खिताब पिछले सीजन ऑस्ट्रेलियन ओपन में जीता था। अब इस जीत के साथ उन्होंने लंबे समय से चले आ रहे खिताबी इंतजार को खत्म कर दिया है। इससे पहले पीवी सिंधु ने भी हाइलो ओपन का खिताब जीतकर कमाल कर दिया।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया ने रचा इतिहास, एक कैलेंडर ईयर में ठोक दिए 400 T20I सिक्स, दुनिया की पहली टीम बनी

ईशान किशन ने T20I में चकनाचूर किया सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, बने एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय