1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Fifa World Cup 2026: नॉकआउट चरण में पहुंची मेक्सिको की टीम, साउथ कोरिया को 1-0 से हराया

Fifa World Cup 2026: नॉकआउट चरण में पहुंची मेक्सिको की टीम, साउथ कोरिया को 1-0 से हराया

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप ए में दक्षिण कोरिया का मुकाबला मेजबान मेक्सिको से हुआ। यह मुकाबला जपोपन के ग्वाडलाहारा में खेला गया। मेक्सिको ने 1-0 से जीत हासिल करके नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की की।

Mexico vs South Korea Fifa World Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AP मेक्सिको बनाम साउथ कोरिया

मेक्सिको 2026 फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। उसने लीग मैच में साउथ कोरिया को एक कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर यह कामयाबी हासिल की। मैच के दौरान जब तक कोई गोल नहीं हुआ था, तब 58वें मिनट में एक बड़ा मोड़ आया। साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक आपस में टकरा गए, जिससे गेंद गोल पोस्ट के पास ही छूट गई। वहां मौजूद मेक्सिको के खिलाड़ी रोमो को गोल करने का एक बेहतरीन मौका मिला और उन्होंने बिना गलती किए गेंद को नेट में डाल दिया। रोमो का यही इकलौता गोल मैच का आखिरी और फैसला बदलने वाला गोल साबित हुआ। आपको बता दें कि मेक्सिको इस बार वर्ल्ड कप की मेजबानी भी कर रहा है।

2022 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी मेक्सिको की टीम

मेक्सिको के लिए यह एक बहुत बड़ी जीत है। साल 2022 में उनकी टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी, लेकिन इस बार उन्होंने अपने देश में, अपने फैंस के सामने लगातार दो मैच जीते हैं। वहीं, साउथ कोरिया की टीम ने मैच के 87वें मिनट में गोल करके स्कोर बराबर करने की पूरी कोशिश की थी। लेकिन मेक्सिको के गोलकीपर 'राउल रेंगल' ने दो शानदार डिफेंस करके इस खतरे को टाल दिया। उन्होंने पहले चो ग्वे-सुंग के सिर से मारे गए शॉट (हेडर) को रोका और फिर वापस आती गेंद पर यांग ह्यून-जून की कोशिश को भी नाकाम कर दिया। इसके बाद साउथ कोरिया की टीम को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं मिले।

लगातार दो मैच जीत चुकी है मेक्सिको की टीम

फीफा वर्ल्ड कप के लिए इस बार के नियम थोड़े से अलग हैं। हर ग्रुप से सबसे ऊपर रहने वाली दो टीमें और तीसरे नंबर की आठ सबसे अच्छी टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। इस बार टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दी गई है, इसलिए वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार राउंड ऑफ 32 (टॉप 32 टीमों के बीच मुकाबला) खेला जाएगा। अगर मैचों की बात करें, तो मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर अपने सफर की शुरुआत की थी, वहीं साउथ कोरिया ने चेक रिपब्लिक को 2-1 से मात दी थी। अब बुधवार को मैक्सिको सिटी में मैक्सिको का सामना चेक रिपब्लिक से होगा, जो कि ग्रुप स्टेज का उसका आखिरी मैच है।

मेक्सिको के कोच ने राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के बाद दिया बड़ा बयान

नॉकआउट स्टेज में पहुंचने के बाद मेक्सिको के कोच जेवियर अगुइरे ने कहा कि हमारी टीम बहुत बढ़िया खेल रही है। हालांकि यह मैच बहुत रोमांचक नहीं था, और दक्षिण कोरिया ने हमें खुलकर खेलने के ज्यादा मौके भी नहीं दिए। इसके बाद भी, हम उनकी गलती का फायदा उठाकर मैच जीतने में कामयाब रहे। इस जीत के साथ मैक्सिको ने दो मैचों में छह अंक हासिल कर लिए हैं और वह अपने ग्रुप (ग्रुप ए) में सबसे ऊपर पहुंच गया है। अब मैक्सिको की टीम दक्षिण कोरिया से तीन अंक और चेक रिपब्लिक और साउथ अफ्रीका से पांच अंक आगे है। इससे पहले, चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका के बीच अटलांटा में खेला गया मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ था।

यह भी पढ़ें 

IND vs AFG: भारत बनाम अफगानिस्तान तीसरे वनडे से पहले बड़ा फैसला, अचानक एक और खिलाड़ी की हो गई एंट्री

फॉफ डुप्लेसी ने 41 साल की उम्र में रच दिया इतिहास, 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से जड़ा शतक