1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. National Bank Open: अलेक्जेंडर ज्वेरेव की सेमीफाइनल में हुई एंट्री, क्वार्टर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत

National Bank Open: अलेक्जेंडर ज्वेरेव की सेमीफाइनल में हुई एंट्री, क्वार्टर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत

क्वार्टर फाइनल मैच में शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके ऑस्ट्रेलिया के 18वीं वरीयता प्राप्त एलेक्सी पोपिरिन को हराकर नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

Alexander Zverev- India TV Hindi
Image Source : GETTY अलेक्जेंडर ज्वेरेव

नेशनल बैंक ओपन में आज क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए, जहां मेंस कैटेगरी में शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें अपने पहले सेट में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उसके बाद शानदार वापसी करके ऑस्ट्रेलिया के 18वीं वरीयता प्राप्त एलेक्सी पोपिरिन को हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। जर्मन खिलाड़ी और 2017 के चैंपियन ज्वेरेव ने पिछली बार के विजेता पोपिरिन को 6-7 (8), 6-4, 6-3 से हराया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला रूस के कारेन खाचानोव या अमेरिका के एलेक्स मिशेलसन से होगा। दुनिया में तीसरे नंबर के खिलाड़ी ज्वेरेव 75वीं बार एटीपी टूर के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयब रहे।

विक्टोरिया मबोको ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की

कनाडा की विक्टोरिया मबोको ने नेशनल बैंक ओपन 2025 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। उन्होंने इस टेनिस टूर्नामेंट में स्पेन की जेसिका बुजास मानेरो को 6-4, 6-2 से हराकर अपने करियर के पहले डब्ल्यूटीए टूर के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही इस टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को हराया था। हालांकि इस क्वार्टर फाइनल मैच में उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरू में वह लय हासिल करने में संघर्ष करती हुई दिखी लेकिन उन्होंने जल्द ही वापसी करते हुए मैच में अपनी पकड़ मजबूत की और सीधे सेट में जीत दर्ज की।

मार्टा कोस्त्युक को चोट की वजह से छोड़ना पड़ा मैदान

मबोको 2019 में बियांका एंड्रीस्कू के खिताब जीतने के बाद से इस डब्ल्यूटीए 1000 प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी हैं। 2015 में बेलिंडा बेनकिच के बाद वह टोरंटो में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी भी हैं। सेमीफाइनल में मबोको का सामना अब एलेना रिबाकिना से होगा, जिन्होंने मार्टा कोस्त्युक को हराने के बाद सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। कोस्त्युक हाथ में चोट लग जाने के कारण क्वार्टर फाइनल मैच के बीच से बाहर हो गई थी। यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक ने जब मैच से हटने का फैसला किया तब कज़ाकिस्तान की नौवीं वरीयता प्राप्त रिबाकिना 6-1, 2-1 से आगे चल रही थी। लेकिन चोट की वजह से उन्हें मैच से बाहर होना पड़ा।

यह भी पढ़ें

शुभमन गिल ने किया सौरव गांगुली जैसा कमाल, राहुल द्रविड़ जैसा करिश्मा अभी बाकी

मोहम्मद सिराज ने अपने नाम की एक और बड़ी उपलब्धि, इस मामले में एमएस धोनी को छोड़ा पीछे