भारतीय स्टार जैवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा 21 अगस्त की रात को डायमंड लीग 2026 के जारी सीजन का अगला चरण जो लुसाने में हो रहा है उसमें एक्शन में दिखाई देंगे। नीरज चोपड़ा के लिए पिछला एक साल काफी बेहतर नहीं रहा है जिसमें उनका अधिकतर समय अनफिट होने की वजह से खराब हो गया। नीरज ने स्कॉटलैंड में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार वापसी करने के साथ सिल्वर मेडल को अपने नाम किया था। अब एशियन गेम्स 2026 से पहले उनके पास डायमंड लीग में खुद को परखने का शानदार मौका रहने वाला है जिसमें उनकी नजरें अगले महीने होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर अपनी जगह को पक्का करने पर रहने वाली हैं। नीरज के लिए ये चुनौती आसान नहीं रहेगी जिसमें उनका सामना एकबार फिर से इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे श्रीलंका के रुमेश पथिरागे से होगी। नीरज चोपड़ा के इवेंट की शुरुआत भारतीय समयानुसार देर रात 11:52 पर होगी जिसमें इसका सीधा प्रसारण डायमंड लीग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर किया था खत्म
नीरज चोपड़ा ने अब तक दो बार डायमंड लीग का खिताब अपने नाम किया है, जिसमें साल 2022 में उन्होंने 89.08 मीटर थ्रो के साथ इसे अपने नाम किया था, तो वहीं साल 2023 में 87.66 मीटर थ्रो के साथ उसे जीतने में कामयाब रहे थे। वहीं नीरज साल 2024 की डायमंड लीग फाइनल में 89.49 मीटर थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। लुसाने डायमंड लीग 2026 में जैवलिन थ्रो का इवेंट स्विट्जरलैंड के स्टेड ओलंपिक डे ला पोंटेस में आयोजित होगी। नीरज ने डायमंड लीग के इस सीजन में इससे पहले दोहा में हिस्सा लिया था जहां पर वह 85.69 मीटर थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे। नीरज चोपड़ा के लिए सीजन के आखिर में होने वाले डायमंड लीग फाइनल की रैंकिंग में अपनी स्थिति सुधारने के लिहाज से भी अहम है। नीरज को फाइनल इवेंट के लिए अपनी जगह पक्की करने के टॉप-6 में शामिल होना होगा, जिसमें अभी वह रैंकिंग में 5 अंकों के साथ 7वें नंबर पर है।
कब-कहां और कैसे देखें नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग इवेंट
लुसाने डायमंड लीग इवेंट का भारत में किसी भी टीवी चैनल पर सीधा प्रसारण नहीं किया जाएगा। वहीं नीरज चोपड़ा के इवेंट का आगाज भारतीय समयानुसार 21 अगस्त की देर रात 11:52 पर होगी। फैंस इस इवेंट का ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग डायमंड लीग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें
BWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने रचा इतिहास, चीन की जोड़ी को हराकर पदक किया पक्का
US ओपन चैंपियंस पर होगी पैसों की बारिश, विजेताओं को मिलेंगे 55 लाख डॉलर, जानिए किसे मिलेगी कितनी रकम