1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पीएम मोदी ने वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन के प्रतिभागियों से की मुलाकात, कौशल विकास की दिशा में किए जा रहे काम पर की बात

पीएम मोदी ने वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन के प्रतिभागियों से की मुलाकात, कौशल विकास की दिशा में किए जा रहे काम पर की बात

48वीं वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन में भारत की तरफ से शंघाई में हिस्सा लेने गए प्रतिभागियों से पीएम नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की है, जिसमें प्रतिभागियों ने पीएम के साथ अपने अनुभव को शेयर किया।

PM Modi Meets World Skills Competition Participants- India TV Hindi
Image Source : PTI पीएम मोदी ने वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन प्रतिभागियों से की मुलाकात।

चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक 48वीं वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन का आयोजन किया गया था, जिसको 'कौशल का ओलंपिक' भी कहते हैं। इसमें भारत की तरफ से हिस्सा लेने प्रतिभागी गए थे, जिनके वापस आने के बाद 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम आवास पर सभी प्रतिभागियों के साथ मुलाकात की जिसमें पीएम के साथ बातचीत के दौरान प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किया। प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान नए टूल्स, सॉफ्टवेयर, तकनीकी सिस्टम और काम करने के तरीकों को अपनाने के बारे में चर्चा की। उन्होंने कौशल विकास की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे उन कामों के बारे में भी बात की जिनसे युवाओं को मदद मिल रही है।

भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभागियों को पीएम ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने उनसे कौशल विकास के एंबेसडर बनने का आग्रह किया। पीएम ने प्रतिभागियों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि व्यावहारिक कौशल (प्रैक्टिकल स्किल्स) भी एकेडमिक डिग्री जितने ही महत्वपूर्ण हैं। विशेष कौशल के महत्व पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी तेजी से विकसित हो रही है, युवाओं को लगातार नए कौशल सीखने अपनी मौजूदा क्षमताओं को अपग्रेड करने और नई टेक्नोलॉजी के अनुसार खुद को ढालने की जरूरत है। उन्होंने प्रतिभागियों से अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों के अनुसार कौशल विकसित करने और अपने अनुभवों व सुझावों के माध्यम से भारत के कौशल प्रशिक्षण इकोसिस्टम को बेहतर बनाने में योगदान देने का आग्रह किया।

कौशल प्रशिक्षण संस्थानों का महत्व IIT और IIM से कम नहीं

वर्ल्ड स्किल्स कंपटीशन में हिस्सा लेने गए प्रतिभागियों के साथ मुलाकात करते हुए पीएम मोदी ने कौशल विकास के लिए एक अलग मंत्रालय स्थापित करने के उद्देश्य को रेखांकित किया और कहा कि कौशल प्रशिक्षण संस्थानों का महत्व IIT और IIM से कम नहीं है। पीएम ने प्रतिभागियों को सरकार के साथ अपने अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि भारत के कौशल प्रशिक्षण सिस्टम को बेहतर बनाने में मदद मिल सके। वर्ल्ड स्किल्स दुनिया की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता है, जो विभिन्न व्यावसायिक और तकनीकी कौशलों में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने के लिए भाग लेने वाले देशों और क्षेत्रों के युवा पेशेवरों को एक साथ लाती है। टीम इंडिया ने 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में 10वां स्थान हासिल किया और 6 सिल्वर मेडल तथा 20 'मेडल फॉर एक्सीलेंस' जीते। जिसमें देश के 70 प्रतिभागियों ने 63 कौशलों में हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें

भारत में खेलने से मना करने पर टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम का हुआ टाटा बाय-बाय, बांग्लादेश को मिली जगह

लियोनेल मेसी ने फेयरवेल स्पीच में दी बड़ी चेतावनी, बोले- कुछ लोग नहीं चाहते कि अर्जेंटीना जीते