1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. CWG 2026 में राजा मुथुपंडी ने जीता सिल्वर, चौथा दिन रहा भारत के लिए शानदार, मिले कुल तीन मेडल

CWG 2026 में राजा मुथुपंडी ने जीता सिल्वर, चौथा दिन रहा भारत के लिए शानदार, मिले कुल तीन मेडल

भारत के राजा मुथुपंडी ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार वापसी करते हुए वेटलिफ्टिंग (65 किलोग्राम वर्ग) में सिल्वर मेडल जीता है। यह इस प्रतियोगिता में भारत का चौथा मेडल है।

Raja Muthupandi- India TV Hindi
Image Source : AP राजा मुथुपंडी

भारत के राजा मुथुपंडी ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार वापसी करते हुए वेटलिफ्टिंग (65 किलोग्राम वर्ग) में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। यह इस खेल प्रतियोगिता में भारत का चौथा मेडल था, जिससे भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रहा। 26 साल के राजा मुथुपंडी ने कुल 286 किलोग्राम वजन (स्नैच में 126 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 160 किग्रा) उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, मलेशिया के अजनील बिन बिदिन मोहम्मद ने रिकॉर्ड 299 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता, जो कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका लगातार तीसरा गोल्ड मेडल है।

स्नैच राउंड में मुथुपंडी ने उठया 126 किलो वजन

राजा मुथुपंडी ने अपने खेल की बहुत मजबूत शुरुआत की। उन्होंने स्नैच राउंड में अपने दूसरे प्रयास में 126 किलो वजन उठाकर बढ़त हासिल की। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में भी उन्होंने दूसरे प्रयास में 160 किलो वजन सफलतापूर्वक उठाया। इस तरह कुल 286 किलो वजन उठाकर उन्होंने ग्लासगो में भारत के लिए और एक मेडल जीता। बता दें कि साल 2019 में कोहनी की गंभीर चोट की वजह से उनका करियर लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया था और इसी वजह से वे 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे।

2025 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में राजा मुथुपंडी ने उठाया था 299 किलो वजन

65 किलोग्राम भारवर्ग शुरू होने के बाद राजा मुथुपंडी ने भारतीय टीम में वापसी की और इंटरनेशनल लेवल पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने साल 2025 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया और नौवां स्थान हासिल किया था। अब 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके सिल्वर मेडल जीतने से वेटलिफ्टिंग में भारत के कुल पदकों की संख्या 4 हो गई है। भारत इस प्रतियोगिता में अब तक 1 गोल्ड, दो सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है।

चौथे दिन भारत ने जीते 3 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। इस दिन भारत को 3 मेडल मिले। मुथुपंडी से पहले ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीता, वहीं चनंबम ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की 60 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं उनसे पहले टूर्नामेंट के दूसरे दिन पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था। अब मेडल टैली में भारत सातवें स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया 12 गोल्ड समेत 24 मेडल के साथ पहले पायदान पर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:

CWG 2026 में मीराबाई चानू ने जीता भारत के लिए पहला गोल्ड, कॉमनवेल्थ गेम्स में लगाई हैट्रिक

वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किया कमाल, भारत को दिलाया दूसरा मेडल