1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ऑस्ट्रेलियन ओपन में सात्विक-चिराग बिखेरेंगे जलवा, सिंगल्स में लक्ष्य और प्रणय पर रहेंगी निगाहें

ऑस्ट्रेलियन ओपन में सात्विक-चिराग बिखेरेंगे जलवा, सिंगल्स में लक्ष्य और प्रणय पर रहेंगी निगाहें

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 का 18 नवंबर से आगाज होगा, जिसमें भारतीय शटलर चुनौती पेश करेंगे। सिंगल्स में लक्ष्य सेन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Lakshya Sen- India TV Hindi
Image Source : AP लक्ष्य सेन

भारत के एकल खिलाड़ी जब अपने प्रदर्शन में निरंतरता हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तब एक बार फिर सभी की निगाहें सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी पर टिकी रहेगी जो 18 नवंबर से सिडनी में शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में सत्र का अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। 

भारतीय खिलाड़ियों का इस सत्र में प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा लेकिन सात्विक और चिराग ने कुछ प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में दूसरा कांस्य पदक जीता तथा हांगकांग सुपर 500 और चाइना मास्टर्स सुपर 750 में उपविजेता रहे। कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन का पहला मुकाबला चीनी ताइपे के चांग को-ची और पो ली-वेई से होगा। चोटों और खराब फॉर्म से जूझ रहे भारत के एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय अपने प्रदर्शन में निरंतरता लाने की कोशिश करेंगे। 

सु ली यांग से भिड़ेंगे लक्ष्य

लक्ष्य पिछले सप्ताह जापान ओपन के सेमीफाइनल में हार गए थे। ऑस्ट्रेलिया ओपन में उनका पहला मुकाबला चीनी ताइपे के सु ली यांग से होगा। प्रणय की इस टूर्नामेंट में पिछले साल उपविजेता रहे थे लेकिन फिलहाल वह भी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह पहले दौर में कनाडा के ब्रायन यांग का सामना करते हुए पूरी लय हासिल करना चाहेंगे। इस वर्ष मलेशिया मास्टर्स में उपविजेता रहे अनुभवी किदाम्बी श्रीकांत पांचवें वरीय लिन चुन-यी से, जबकि अमेरिकी ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी मलेशिया के जस्टिन होह से भिड़ेंगे। अन्य खिलाड़ियों में, किरण जॉर्ज का सामना छठी वरीयता प्राप्त केंटा निशिमोतो से होगा, जबकि थारुण मन्नेपल्ली डेनमार्क के मैग्नस जोहानसन के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। 

आकर्षि कश्यप पर टिकी होंगी निगाहें

महिला एकल में आकर्षि कश्यप ड्रॉ में शामिल एकमात्र भारतीय हैं, लेकिन उन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त और ओलंपिक चैंपियन एन से यंग के खिलाफ कठिन मुकाबले का सामना करना होगा। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद वापसी कर रही हैं। महिला युगल में उनका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की यान फेई चेन और लियांग चिंग सुन से होगा। मिश्रित युगल में मोहित जागलान और लक्षिता जागलान का मुकाबला कनाडा के नाइल याकुरा और क्रिस्टल लाई से होगा। 

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

कोलकाता में टीम इंडिया की हार पर भड़के चेतेश्वर पुजारा, कहा- ये बहाना नहीं चलेगा

इस खिलाड़ी ने रच दिया नया कीर्तिमान, लेकिन टीम इंडिया में नहीं हो पा रही वापसी