1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स से आया पहला मेडल, सीमा ने 10000 मीटर में जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स से आया पहला मेडल, सीमा ने 10000 मीटर में जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला एथलीट सीमा ने कमाल करते हुए भारत को एथलेटिक्स में पहला मेडल दिला दिया है। सीमा ने 10000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।

Seema- India TV Hindi
Image Source : SAI MEDIA सीमा

एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स से अच्छी खबर आई है। भारत की महिला एथलीट सीमा कुमारी ने एथलेटिक्स में कमाल कर दिया है। उन्होंने वूमेन्स 10000 मीटर के फाइनल में तीसरे स्थान पर फिनिश किया और ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में एथलेटिक्स का पहला मेडल आ गया है। सीमा बहरीन की विनफ्रेड यावी और जापान की नोजोमी तनाका से पीछे रहीं।

16 साल बाद आया पहला मेडल

भारतीय रनर सीमा ने अच्छी शुरुआत की थी और शुरू से ही सात लोगों के लीड ग्रुप का हिस्सा थीं। जब तीन लैप बाकी थे, तब उन्होंने यावी और तनाका के साथ बने रहने की कोशिश की। रेस फिनिश होने तक यही क्रम बरकरार रहा। यावी ने आखिरी 200 मीटर में अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए गोल्ड जीता, जबकि तनाका ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

आपको जानकर हैरानी होगी कि सीमा कुमारी का ये मेडल एशियन गेम्स में 16 साल बाद 10000 मीटर रेस में आया पहला मेडल है। इससे पहले 2010 के एशियन गेम्स में भारत का मेडल आया था। एशियन गेम्स 2010 में प्रीजा श्रीधरन ने 31:50.47 की टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीता था, जबकि कविता राउत ने 31:51.44 की टाइमिंग के साथ सिल्वर मेडल जीता था।

एथलेटिक्स में खुला खाता

सीमा के ब्रॉन्ज से भारत का एथलेटिक्स में खाता खुल गया है और कुल मेडल की संख्या 16 पहुंच गई है। बता दें, सीमा हिमाचल प्रदेश की एक लॉन्ग-डिस्टेंस रनर हैं, जिन्होंने भारत में 5000 मीटर और 10000 मीटर इवेंट्स में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बड़े इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और नेशनल और इंटरनेशनल सर्किट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।

हाल के समय में उन्होंने दोनों इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया है। अब एशियन गेम्स में उन्होंने 10 हजार मीटर में कमाल करते हुए भारत की झोली में मेडल डाल दिया है। वूमेन्स 10000 मीटर के फाइनल में ब्रूनेई की विनफ्रेड यावी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि जापान की तनाका नोजोमी ने सिल्वर मेडल जीता। विनफ्रेड यावी 32:39.18 समय निकालते हुए पहले स्थान पर रहीं। वहीं, जापान की एथलीट 32:41.54 टाइमिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स में भारत की चांदी, भारतीय मिक्स्ड 4x400m रिले टीम ने जीता सिल्वर मेडल

जय मीणा ने एशियन गेम्स में बनाया नया रिकॉर्ड, सॉफ्ट टेनिस में भारत ने पहली बार जीता मेडल