1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन पैरा गेम्स में शीतल देवी और तोमन कुमार का धमाका, कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता गोल्ड मेडल

एशियन पैरा गेम्स में शीतल देवी और तोमन कुमार का धमाका, कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता गोल्ड मेडल

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की झोली में गोल्ड मेडल आने का सिलसिला जारी है। अब पैरा आर्चर शीतल देवी और तोमन कुमार ने कमाल करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है।

Sheetal Devi and Toman Kumar- India TV Hindi
Image Source : SAI/MYAS शीतल देवी और टोमन कुमार

भारतीय तीरंदाज शीतल देवी और तोमन कुमार ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है। दोनों ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया की जोड़ी को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में 151-148 से जीत दर्ज की। इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी शीतल और तोमन ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी। 

भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने फाइनल में शुरुआत से ही सटीक निशाने लगाए और बढ़त बनाए रखी। पहले राउंड में भारत ने 38-37 से मामूली बढ़त हासिल की। दूसरे राउंड में भारतीय तीरंदाजों ने अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए स्कोर 77-73 कर दिया। इस दौरान उन्होंने इंडोनेशियाई जोड़ी पर चार अंकों की बढ़त बना ली।

तीसरे राउंड में इंडोनेशिया की तेओदोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलांग ने एक अंक की बढ़त हासिल की, लेकिन भारतीय जोड़ी का कुल अंतर तीन अंक बना रहा। आखिरी राउंड में दोनों टीमों ने 38-38 अंक हासिल किए। भारत की पहले से कायम बढ़त उसे गोल्ड मेडल दिलाने के लिए पर्याप्त रही। इंडोनेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

क्वालिफिकेशन राउंड में भी बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

शीतल देवी और तोमन कुमार ने फाइनल से पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी कमाल किया था। भारतीय जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम रैंकिंग राउंड में कुल 1,402 अंक हासिल किए, जो पिछले विश्व रिकॉर्ड से दो अंक अधिक थे। इस प्रदर्शन ने फाइनल में उनकी दावेदारी को मजबूत किया और दोनों ने खिताबी मुकाबले में भी अपना दम दिखाया।

शीतल देवी की कहानी है प्रेरणादायक

शीतल देवी भारतीय पैरा तीरंदाजी की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से एक हैं। एशियन पैरा गेम्स से पहले वह कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारत को मेडल दिला चुकी हैं। उनका जन्म दोनों हाथों के बिना हुआ था, लेकिन उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया। वह अपने पैरों और टांगों की मदद से कंपाउंड बो को संभालती हैं, जबकि कंधे और जबड़े का इस्तेमाल कर धनुष की डोरी खींचती और छोड़ती हैं। शीतल और तोमन की इस जीत ने एशियन पैरा गेम्स में भारत की मेडल संख्या में इजाफा किया है। 

यह भी पढ़ें:

एशियन पैरा गेम्स में आया एक और गोल्ड, सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में जीता सोना

एशियन पैरा गेम्स के तीसरे दिन भारत का डबल धमाका, आयुष ने जीता गोल्ड, प्रवीण ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ मारी बाजी