1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. यूथ ओलंपिक गेम्स में तानिया का कमाल, बीच रेसलिंग में सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान

यूथ ओलंपिक गेम्स में तानिया का कमाल, बीच रेसलिंग में सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान

भारत की तानिया ने डकार यूथ ओलंपिक में महिला 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। फाइनल में उन्हें चीन के खिलाड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Indian Young Wrestler Tania- India TV Hindi
Image Source : WRESTLING FEDERATION OF INDIA (WFI) भारत की युवा पहलवान तानिया

डकार यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में भारत की युवा महिला पहलवान तानिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। महिला 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग स्पर्धा में तानिया ने कड़े मुकाबले के बाद शानदार सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस मुकाबले के फाइनल में उन्हें चीन की खिलाड़ी ने मात दी।

फाइनल मुकाबला रहा रोमांचक

गोल्ड मेडल के लिए हुए खिताबी मुकाबले में तानिया का सामना चीन की मजबूत खिलाड़ी झाओ मिन से था। झाओ मिन 2025 की 69 किग्रा वर्ग की वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं, जिससे मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद थी। मैट पर दोनों पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। तानिया ने अंत तक हार नहीं मानी और अपनी बेहतरीन तकनीक से चीनी खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, इस रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में तानिया 1-2 से हार गईं, लेकिन उन्होंने अपने जुझारूपन से हर भारतीय का दिल जीत लिया और देश के लिए सिल्वर मेडल पक्का किया।

शानदार रहा फाइनल तक का सफर

डकार सेनेगल में आयोजित इस यूथ ओलंपिक में तानिया की शुरुआत से ही आक्रामक और दमदार फॉर्म देखने को मिली। फाइनल तक पहुंचने के लिए उन्होंने अपने सभी शुरुआती और नॉकआउट मुकाबले जीते थे। तानिया ने ग्रुप बी के अपने पहले मुकाबले में जर्मनी की मिया माउर को 3-1 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इसके बाद दूसरे ग्रुप मुकाबले में उन्होंने ग्रीस की वासिलिकी कारावानू को एकतरफा मात दी। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में तानिया ने एस्टोनिया की मेरिली वेस्टर को 4-1 से धूल चटाई। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में उन्होंने अमेरिका की मटिल्डा एन ह्रुबी को 3-1 से हराकर शान के साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।

बीच रेसलिंग और यूथ ओलंपिक का नया इतिहास

सेनेगल की राजधानी डकार में हो रहे 2026 यूथ ओलंपिक का यह चौथा संस्करण है और अफ्रीकी महाद्वीप में पहली बार यूथ ओलंपिक का आयोजन हो रहा है। इसके साथ ही बीच रेसलिंग को इस बार पहली बार यूथ ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है। यह खेल बेहद तेज रफ्तार से होता है, जिसमें मुकाबला केवल 3 मिनट का होता है और जो पहलवान पहले 3 अंक बना लेता है या प्रतिद्वंद्वी को चित कर देता है, वह विजेता बनता है।

यह भी पढ़ें

पिता का अचानक निधन, टूटने के बाद भी नहीं मानी हार, ऐसे विश्व चैंपियन बनीं मनीषा भानवाला

भारतीय एथलीट नीरज यादव ने किया सुसाइड, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल