1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. यूएसए ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना को दी मात, बेल्जियम ने भी सेनेगल को 3-2 से हराते हुए राउंड 16 में पक्की की जगह

यूएसए ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना को दी मात, बेल्जियम ने भी सेनेगल को 3-2 से हराते हुए राउंड 16 में पक्की की जगह

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान यूएसए ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना को 2-0 के अंतर से मात देने के साथ अगले राउंड में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं बेल्जियम ने सेनेगल के खिलाफ रोमांचक मुकाबले को 3-2 के अंतर से जीतने के साथ राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह बना ली है।

USA And Belgium Football Player- India TV Hindi
Image Source : AFP यूएसए और बेल्जियम फुटबॉल खिलाड़ी।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान यूएसए ने राउंड ऑफ 16 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। 2 जुलाई को सुबह के समय अमेरिकी टीम का राउंड ऑफ 32 में सामना बोस्निया एंड हर्जेगोविना की टीम से था, जिसे वह 2-0 के अंतर से जीतने में कामयाब रहे। वहीं बेल्जियम और सेनेगल की टीम के बीच में खेला गया राउंड ऑफ 32 का मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें एक समय 2-0 से पीछे चल रही बेल्जियम की टीम ने खेल के आखिरी मिनटों में शानदार वापसी करने के साथ 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया और राउंड 16 के लिए अपनी टिकट भी हासिल कर ली। अभी तक अगले दौरे में कुल 10 टीमें अपनी जगह को पक्का कर चुकी हैं।

अमेरिका ने 24 साल बाद वर्ल्ड कप में जीता नॉकआउट मुकाबला

यूएसए की टीम के लिए बोस्निया एंड हर्जेगोविना के खिलाफ मिली राउंड ऑफ 32 में जीत काफी खास है जिसमें वह साल 2002 के फीफा वर्ल्ड कप के बाद पहली बार विश्व कप के नॉकआउट स्टेज में मुकाबला जीतने में कामयाब हो सके हैं। बोस्निया एंड हर्जेगोविना के खिलाफ इस मैच में अमेरिकी टीम ने शुरू से अपने दबाव को बरकरार रखा हुआ था, जिसमें पहले हाफ के 45वें मिनट में यूएसए के लिए फोलारिन बालोगुन गोल करते हुए उन्हें मुकाबले में 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद खेल के 64वें मिनट में फोलारिन को रेड कार्ड मिलने की वजह से उनको मैदान से बाहर जाना पड़ा और अमेरिकी टीम ने अगले 30 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ ये मुकाबला खेला। इस मैच के दूसरे हाफ के 82वें मिनट में मलिक टिलमैन ने गोल करने के साथ 2-0 से अमेरिका को आगे करते हुए जीत को पक्का कर दिया। अब राउंड ऑफ 16 में यूएसए की टीम का सामना 7 जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 पर बेल्जियम से होगा।

बेल्जियम ने मुकाबले को आखिरी पलों में पलटा और दर्ज की रोमांचक जीत

राउंड ऑफ 32 में अभी तक का सबसे रोमांचक मुकाबला बेल्जियम और सेनेगल की टीम के बीच में देखने को मिला। इस मैच के 24वें और 51वें मिनट में सेनेगल की तरफ से हबीब डियारा और इस्माइला सार ने गोल करने के साथ अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया था। इस मैच में जब सभी को लग रहा था कि सेनेगल अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर लेगी उसी समय 85वें मिनट में बेल्जियम के रोमेलू लुकाकू ने गोल करने के साथ स्कोर लाइन 2-1 कर दी तो वहीं तीन मिनट बाद यूरी टाइलेमांस ने शानदार गोल करते हुए मुकाबला 2-2 की बराबरी पर ला दिया। अब सभी की नजरें एक्सट्रा टाइम के खेल पर थी जिसमें एकबार फिर से टाइलेमांस का जादू देखने को मिला और उन्होंने खेल के 120+5वें मिनट में गोल करने के साथ अपनी टीम को 3-2 से जीत दिला दी। अब उनका सामना राउंड ऑफ 16 में मेजबान यूएसए से होगा।

अब तक ये टीमें पहुंच चुकी हैं राउंड ऑफ 16 में

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक राउंड ऑफ 16 में कुल 10 टीमें अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, जिसमें मेक्सिको, इंग्लैंड, ब्राजील, नॉर्वे, यूएसए, बेल्जियम, पराग्वे, फ्रांस, कनाडा और मोरक्को की टीम का नाम शामिल है। अभी अगले दौर के लिए 6 टीमों का फैसला होना बाकी है।

ये भी पढ़ें

हैरी केन की बदौलत इंग्लैंड ने दर्ज की धमाकेदार जीत, कांगो को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह

FIFA नॉकआउट मुकाबले से पहले विवादों में घिरे केप वर्डे के कप्तान, महिला ने लगाए संगीन आरोप