1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Wimbledon 2025: हो गया बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड नंबर-1 प्लेयर सेमीफाइनल में हारी; अमांडा अनिसिमोवा का कमाल

Wimbledon 2025: हो गया बड़ा उलटफेर, वर्ल्ड नंबर-1 प्लेयर सेमीफाइनल में हारी; अमांडा अनिसिमोवा का कमाल

विंबलडन 2025 के वुमेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर हुआ है, जब अमांडा अनिसिमोवा ने आर्यना सबालेंका को हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया।

आर्यना सबालेंका और अमांडा अनिसिमोवा- India TV Hindi
Image Source : GETTY आर्यना सबालेंका और अमांडा अनिसिमोवा

विंबलडन 2025 में महिला सिंगल्स में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जिसमें आर्यना सबालेंका को अमांडा अनिसिमोवा ने हराया और फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन किया और उनके आगे वर्ल्ड नंबर-1 सबालेंका कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। उन्होंने मैच 6-4, 4-6, 6-4 से गंवा दिया।

पहली बार ग्रैंडस्लैम के फाइनल में बनाई जगह

तेरहवीं वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा ने उलटफेर करते हुए अपने करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश किया। चौथे मैच प्वाइंट पर फोरहैंड विनर के साथ दो घंटे 36 मिनट के मुकाबले को समाप्त करने के बाद अनिसिमोवा ने कहा कि यह अभी वास्तविक नहीं लग रहा है। मुझे नहीं पता कि मैंने यह जीत कैसे हासिल की। अब ट्रॉफी के लिए शनिवार को उनका सामना इगा स्वियातेक से होगा। इगा ने दूसरे सेमीफाइनल में और बेलिंडा बेनसिच को शिकस्त दी।

सबालेंका ने गंवाया बड़ा मौका

इस तरह लगातार आठवीं बार विम्बलडन को नई महिला चैंपियन मिलेगी। आर्यना सबालेंका अक्टूबर में इगा स्वियातेक को हटाकर टॉप पर पहुंची थीं। सबालेंका इस हार से सेरेना विलियम्स के बाद लगातार चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनने से चूक गईं। 23 साल की अनिसिमोवा का विम्बलडन खत्म होने के बाद पहली बार डब्ल्यूटीए रैंकिंग में टॉप 10 में जगह बनाना तय है, चाहे खिताबी मुकाबले का नतीजा कुछ भी रहे। सबालेंका एक साल पहले कंधे में चोट के कारण विम्बलडन से चूक गई थीं। फिर पिछले साल सितंबर में अमेरिकी ओपन जीतकर उन्होंने अपनी तीसरी ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी जीती।

अनिसिमोवा ने पहले टेनिस से लिया था ब्रेक

अमांडा अनिसिमोवा ने बर्नआउट के कारण एक साल पहले टेनिस से ब्रेक लिया था। न्यू जर्सी में जन्मी और फ्लोरिडा में पली-बढ़ीं अनिसिमोवा 17 साल की उम्र में 2019 फ्रेंच ओपन में सेमीफाइनल में हार गई थीं। मई 2023 में उन्होंने यह कहते हुए टूर से ब्रेक ले लिया कि वह लगभग एक साल से मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रही हैं। 

यह भी पढ़ें:

जडेजा ने रूट को सेंचुरी करने का दिया पूरा मौका, बॉल जमीन पर रखी; लेकिन 99 पर नॉटआउट रहा अंग्रेज बल्लेबाज

घातक गेंदबाज ने बरपाया कहर, लगातार 5 गेंदों में लिए 5 विकेट; क्रिकेट की दुनिया में मचाया तहलका