1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विंबलडन 2025 के फाइनल में दिखेगा जबरदस्त रोमांच, खिताब के लिए भिड़ेंगे सिनर और अल्काराज

विंबलडन 2025 के फाइनल में दिखेगा जबरदस्त रोमांच, खिताब के लिए भिड़ेंगे सिनर और अल्काराज

कार्लोस अल्काराज विंबलडन के मेन्स सिंगल्स के फाइनल में खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से यानिक सिनर के खिलाफ उतरेंगे।

wimbeldon 2025- India TV Hindi
Image Source : GETTY कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर

ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर रविवार को जब विंबलडन 2025 के मेन्स सिंगल्स फाइनल के लिए दो दिग्गज टेनिस खिलाड़ी आमने-सामने होंगे, तो रोमांच अपने चरम पर होगा। जहां स्पेन के कार्लोस अल्काराज लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे, वहीं दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर पहली बार विंबलडन ट्रॉफी उठाने का सपना लेकर कोर्ट में कदम रखेंगे। इस फाइनल मुकाबले में वही मुकाबला दोहराया जाएगा, जो करीब पांच हफ्ते पहले फ्रेंच ओपन के फाइनल में हुआ था। तब अल्काराज ने शुरुआती दो सेट हारने के बाद वापसी करते हुए सिनर को हराया था। उस मैच में उन्होंने तीन मैच प्वाइंट भी बचाए थे और मुकाबला 5 घंटे 29 मिनट तक चला था। फर्क सिर्फ इतना होगा कि उस दिन मुकाबला क्ले कोर्ट पर था, जबकि अब यह मुकाबला ग्रास कोर्ट पर होगा।

सेमीफाइनल में दोनों का दमदार प्रदर्शन

विंबलडन 2025 के पहले सेमीफाइनल में अल्काराज ने अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 5-7, 6-3, 7-6 (6) से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इसके बाद दूसरे सेमीफाइनल में सिनर ने नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन फाइनल का टिकट कटाया।

अल्काराज और सिनर के बीच अब तक का रिकॉर्ड

दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 12 बार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें अल्काराज ने 8 मुकाबले जीते हैं, जबकि सिनर को 4 बार सफलता मिली है। खास बात ये है कि अल्काराज ने सिनर के खिलाफ पिछले पांचों मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं ग्रैंड स्लैम फाइनल में भी अल्काराज का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक पांच फाइनल खेले और सभी में जीत दर्ज की है।

अल्काराज ने पिछले फाइनल को याद करते हुए कहा कि यह अब तक का उनका सबसे कठिन मुकाबला था। वह चाहते हैं कि इस बार इतना लंबा मुकाबला न हो, लेकिन जरूरत पड़ी तो वह इसके लिए तैयार हैं। वहीं, सिनर ने भी इस मुकाबले को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह मुकाबला भी फ्रेंच ओपन की तरह रोमांचक होगा। हालांकि उससे बेहतर होना मुश्किल है, लेकिन वह अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। 

फाइनल का इंतजार

13 जुलाई को होने वाले इस महामुकाबले का टेनिस प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एक ओर जहां अल्काराज खिताबी हैट्रिक के करीब हैं, वहीं सिनर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करने के इरादे से उतरेंगे।

(PTI Inputs)