1. Hindi News
  2. टेक
  3. टिप्स और ट्रिक्स
  4. IRCTC की नकली वेबसाइट से हो रही ठगी, सरकार ने जारी की चेतावनी

IRCTC की नकली वेबसाइट से हो रही ठगी, सरकार ने जारी की चेतावनी

I4C ने IRCTC की फर्जी वेबसाइट के नाम पर हो रही ठगी को लेकर लोगों को आगाह किया है। साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों को टारगेट कर रहे हैं।

IRCTC Fake Website- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सरकार की नई चेतावनी

सरकार ने IRCTC की फर्जी वेबसइट के जरिए हो रही ठगी को लेकर चेतावनी जारी की है। साइबर क्रिमिनल्स इन दिनों फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। फर्जी वेबसाइट के जरिए तीर्थयात्रियों को हैलीकॉप्टर बुकिंग और सर्विस के नाम पर ठगा जा रहा है। गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी विंग I4C ने अपने आधिकारिक X हैंडल से इसे लेकर चेतावनी जारी की है। साथ ही, लोगों को इससे बचने के लिए भी कहा है।

IRCTC की फर्जी वेबसाइट के नाम पर ठगी

I4C Cyber Dost ने अपने X हैंडल से कहा कि साइबर क्रिमिनल्स फर्जी बुकिंग वेबसाइट और मिसलीडिंग लिंक्स के जरिए लोगों को फर्जी यात्रा सेवाओं, हैलीकॉप्टर बुकिंग और पेमेंट स्कैम का शिकार बना सकते हैं। ऐसे नकली वेबसाइट से लोगों को बचना चाहिए और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करनी चाहिए।

इससे पहले भी I4C ने फर्जी नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन वेबसाइट के जरिए की जाने वाली ठगी के बारे में लोगों को चेताया था। साइबर क्रिमिनल्स IRCTC के नाम पर फर्जी हैलीकॉप्टर बुकिंग वेबसाइट बनाकर लोगों को अपनी जाल में फंसा रहे हैं। आगामी 3 जुलाई से बाबा बर्फानी यानी अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है। ऐसे में तीर्थयात्रियों को निशाना बनाया जा रहा है।

I4C ने अपने पोस्ट में irctchelicopter.com और irctchellyatra.com नाम की दो फर्जी वेबसाइट का जिक्र किया है। इन दोनों वेबसाइट के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है। I4C ने बताया कि ये कोई बुकिंग वेबसाइट नहीं है। इन वेबसाइट्स से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, लोगों को हमेशा आधिकारिक वेबसाइट से ही किसी भी तरह की बुकिंग करने के लिए कहा है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • सरकारी वेबसाइट के आखिर में .gov.in लगा रहता है। ऐसे में जिन वेबसाइट्स के आखिर में ये नहीं है उनपर भरोसा न करें।
  • पर्यटन संबंधी बुकिंग को हमेशा संबंधित विभाग की वेबसाइट या आधिकारिक पोर्टल से करें।
  • बुकिंग डिटेल्स भरने से पहले URL को सही से पढ़ें। फर्जी वेबसाइट्स के URL में आपको गलतियां खुद नजर आएंगी।
  • कभी भी सोशल मीडिया और गूगल द्वारा स्पॉन्सर्ड लिंक पर क्लिक न करें और उनपर आंखमूंदकर भरोसा न करें।
  • कहीं भी किसी सस्ते ऑफर और अर्जेंट कंफर्मेशन वाले लिंक को ओपन न करें।
  • अगर, किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड की भनक लगे तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर रिपोर्ट करें।

यह भी पढ़ें - फिर से लॉन्च होगा Nokia Asha? HMD दे सकता है बड़ा सरप्राइज