A
Hindi News टेक टिप्स और ट्रिक्स न कोई मैसेज, न कोई कॉल, फिर भी हो जाएगा स्कैम, क्या है 'WhatsApp Ghostpairing'? जानें कैसे बचें

न कोई मैसेज, न कोई कॉल, फिर भी हो जाएगा स्कैम, क्या है 'WhatsApp Ghostpairing'? जानें कैसे बचें

WhatsApp के जरिए होने वाले एक नए तरीके के स्कैम का पता चला है। हैकर्स आपको न तो कोई कॉल करें और न ही मैसेज, फिर भी आपके साथ स्कैम हो जाएगा। ये कौन का स्कैम है और इससे कैसे बचा जा सकता है, आइए जानते हैं...

WhatsApp Ghost Pairing Scam- India TV Hindi Image Source : UNSPLASH वाट्सऐप घोस्टिंग

WhatsApp दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। ऐसे में यह ऐप हैकर्स के निशाने पर सबसे ज्यादा रहता है। इन दिनों हैकर्स नए तरीके से लोगों के साथ फ्रॉड कर रहे हैं। WhatsApp पर ऐसे ही एक नए तरीके के स्कैम का पता चला है। इसमें न तो आपसे OTP पूछा जाएगा और न ही पासवर्ड, फिर भी आपके साथ फ्रॉड हो सकता है। हैकर्स बड़ी ही चालाकी से आपको एक मैसेज भेजेंगे, फिर आपके साथ फ्रेंडली हो जाएंगे। इसके बाद फ्रॉड को अंजाम दिया जाएगा।

क्या है 'WhatsApp Ghostpairing'?

वॉट्सऐप यूजर्स के साथ होने वाला यह स्कैम ऐप के Linked Device फीचर की वजह से आसानी से अंजाम दिया जाता है। इस फीचर का मिसयूज करके हैकर्स आपके वॉट्सऐप अकाउंट का एक्सेस किसी दूसरे डिवाइस पर ले लेता है। इसके बाद वो आपके कॉन्टैक्ट्स और मैसेज आदि को एक्सेस कर लेता है, फिर आपके अकाउंट से कॉन्टैक्ट्स में जाकर किसी को मैसेज करके पैसे की डिमांड कर सकता है।

कैसे करता है काम?

  1. हैकर्स आपको एक कैजुअल मैसेज भेजता है, जिसमें आपकी तारीफ करते हुए एक मैसेज भेजा जाता है और कहा जाता है कि हमें आपकी ये फोटो काफी अच्छी लगी है। 
  2. इस मैसेज के साथ एक लिंक दिया जाता है, जैसे ही आप इस लिंक पर क्लिक करते हैं आपके वॉट्सऐप अकाउंट का एक्सेस हैकर्स के लैपटॉप या अन्य डिवाइस में हो जाता है।
  3. हैकर्स बड़ी ही चालाकी से आपके वॉट्सऐप अकाउंट को लिंक करने के लिए जाल बिछाते हैं।
  4. इसके बाद हैकर्स आपके चैट्स और कॉन्टैक्ट्स को मॉनिटर करते हैं और फिर फ्रॉड को अंजाम दिया जाता है।

Image Source : India TVवॉट्सऐप घोस्ट पेयरिंग स्कैम

इस स्कैम के लिए न तो सिम कार्ड स्वैपिंग, न ही पासवर्ड चुराने वाले तरीके का इस्तेमाल किया जाता है। हैकर्स का यह नया तरीका काफी खतरनाक है क्योंकि वे कैजुअल अप्रोच रखते हुए यूजर्स के साथ फ्रॉड को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। इसे लेकर CERT-In ने भी पहले चेतावनी जारी की है। इसी तरह का स्कैम QR Code का इस्तेमाल करके किया जाता है, जिसमें फर्जी लिंक के साथ QR कोड का इस्तेमाल करके अकाउंट हैक किया जाता है।

स्कैम से कैसे बचें?

हमने इस स्कैम से बचने के लिए साइबर एक्सपर्ट अनुराग माथुर से बात की, जो एप्लीकेशन सिक्योरिटी और क्लाउड सिक्योरिटी में अनुभव रखते हैं। साथ ही वो नेशनल साइबर सिक्योरिटी स्टैंडर्ड के टेक्निकल कमिटी के सदस्य भी हैं।

उन्होंने ऐसे स्कैम से बचने के लिए लोगों को जागरूक रहने के लिए कहा है। ज्यादातर फ्रॉड वाले मामलों में विक्टिम की गलती या नासमझी का फायदा हैकर्स उठाते हैं। WhatsApp Ghostpairing स्कैम से बचने के लए आपको नीचे दिए गए बातों का ध्यान रखना चाहिए।

  1. आपको अपने WhatsApp में जाकर रेगुलरली Linked Device वाला सेक्शन चेक करते रहना चाहिए। इसके लिए ऐप में जाने के बाद सेटिंग्स में जाकर लिंक्ड डिवाइस वाले ऑप्शन में जाएं।
  2. अगर, आपको कोई अनजान डिवाइस दिखाई दे, तुरंत उसे रिमूव कर दें।
  3. इसके अलावा वॉट्सऐप पर आने वाले किसी भी लिंक को क्लिक न करें। खास तौर पर अनजान नंबरों से आने वाले लिंक हैकर्स के हो सकते हैं।
  4. अपनी कोई भी जानकारी मैसेज, कॉल्स या वीडियो कॉल्स के दौरान किसी के साथ शेयर न करें। खास तौर पर फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट्स को शेयर करने से बचें।
  5. WhatsApp में जाकर आपको एडवांस प्राइवेसी वाली सेटिंग्स को ऑन करना होगा। ऐसा करने से आपको अनजान नंबरों से आने वाले मैसेज में लिंक क्लिकेबल नहीं होंगे।
  6. वॉट्सऐप अकाउंट को और ज्यादा सिक्योर बनाने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) हमेशा ऑन करके रखें।
  7. किसी भी वेबसाइट या ऐप पर अपना मोबाइल नंबर सबमिट न करें।
  8. किसी भी तरह से संदिग्ध मैसेज का पता चलने पर अपने कॉन्टैक्ट्स को आगाह करें।
  9. साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

यह भी पढ़ें - Airtel की राह पर Vi, महंगा हुआ ये सस्ता प्लान, यूजर्स की जेब होगी ढ़ीली