1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जमानत पर पर छूटे थे RLD जिलाध्यक्ष के 4 भाई, समर्थकों ने किया स्टंट और आतिशबाजी; 15 गिरफ्तार, 8 वाहन सीज

जमानत पर पर छूटे थे RLD जिलाध्यक्ष के 4 भाई, समर्थकों ने किया स्टंट और आतिशबाजी; 15 गिरफ्तार, 8 वाहन सीज

यूपी के मेरठ में जेल से छूटे RLD जिलाध्यक्ष के चार भाइयों के समर्थकों ने हुड़दंग मचाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 8 वाहन सीज किए गए हैं।

समर्थकों ने सड़क पर मचाया हुड़दंग। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT समर्थकों ने सड़क पर मचाया हुड़दंग।

मेरठ: थाना किठौर क्षेत्र में जमानत पर रिहा होकर लौटे रालोद जिलाध्यक्ष के चार भाइयों के स्वागत में सोमवार देर रात समर्थकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। कस्बे की मुख्य सड़क पर वाहनों के काफिले के साथ हुडदंग करने वालों ने कारों की छतों व खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट किया। इस दौरान वाहनों के काफिले के साथ तेज रफ्तार में दौड़ रही गाड़ियों में सवार हुड़दंगियों ने जमकर आतिशबाजी की। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई है। फिलहाल पुलिस फायरिंग के मामले की जांच कर रही है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। किठौर पुलिस ने अब तक सड़क पर जश्न मना रहें 15 लोगों को गिरफ्तार करते हुए 8 गाड़ियों को सीज किया है।  

क्या था विवाद?

जानकारी के मुताबिक सपा विधायक एवं पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर के रिश्तेदार शम्स परवेज और रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ ने वर्ष 2000 में नगर पंचायत चेयरमैन पद का चुनाव लड़ा था। चुनाव में शम्स परवेज को जीत हासिल हुई थी, जबकि मतलूब गौड़ पराजित रहे। आरोप है कि हार से बौखलाए मतलूब गौड़ के भाई और समर्थकों ने शम्स परवेज के घर फायरिंग कर दी। इस मामले में शाहिद मंजूर की तरफ से मतलूब के भाई मारूफ गौड़, महफूज उर्फ फौजी, नदीम गौड़ और कलवा गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

Image Source : Reporter Inputपुलिस ने 15 लोगों को किया गिरफ्तार।

छह साल की मिली सजा

इस मामले की लंबे समय तक सुनवाई चली और 21 मार्च 2025 को अदालत ने चारों आरोपितों को छह-छह साल की सजा सुनाई थी। इन आरोपियों ने हाईकोर्ट से जमानत हासिल कर ली। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम जब यह चारों जेल से रिहा हुए तो उनके स्वागत में कस्बे के बाहर उनके समर्थकों का काफिला गाड़ियों के साथ मौजूद था। रिहाई के बाद जैसे ही काफिला निकला, तो समर्थकों ने जश्न के नाम पर सड़क का माहौल बिगाड़ दिया।

15 लोग गिरफ्तार

वीडियो वायरल होने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों भाइयों सहित 15 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आठ गाड़ियों को सीज कर दिया गया। एसपी अभिजीत कुमार के मुताबिक कुछ लोगों ने मुख्य सड़क पर आतिशबाजी करते हुए हुड़दंग मचाया था। पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली तो एक्शन लिया गया है। आतिशबाजी की वीडियो पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं तथा पूरे प्रकरण की जांच जारी है। वहीं पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। (इनपुट- हिमा अग्रवाल)

यह भी पढ़ें-

गुजरात: एम्बुलेंस में आग लगने से तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत, कई झुलसे

शख्स ने चलती कैब में ड्राइवर पर किया हमला, कार पर चढ़कर किया हंगामा; VIDEO आया सामने