1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कहीं आप जहरीला Honey तो नहीं खा रहे? यूपी में बरामद 15000 किलो शहद लैब रिपोर्ट में निकला मिलावटी

कहीं आप जहरीला Honey तो नहीं खा रहे? यूपी में बरामद 15000 किलो शहद लैब रिपोर्ट में निकला मिलावटी

हापुड़ में बरामद किए गए 15 हजार किलो शहद मिलावटी निकला। लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद यह साबित हो गया है कि देश में मिलावटी शहद की सप्लाई की जा रही थी, जोकि सेहत के लिए नुकसानदायक है।

बरामद की गई नकली शहद- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बरामद की गई नकली शहद

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सील किए गए 15 हजार किलो शहद की लैब रिपोर्ट सामने आ गई है। जांच रिपोर्ट में शहद नकली निकला। खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि जांच में पुष्टि हुई है कि शहद पूरी तरह से असुरक्षित है और इसमें भारी मात्रा में राइस सिरप की मिलावट की गई है। इससे खाने से तबीयत खराब भी हो सकती है।

500 कैन शहद बरामद किया गया था

जानकारी के मुताबिक, इसी साल 6 जनवरी को खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के नवीन मंडी के पास स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 15,000 किलो संदिग्ध शहद के 500 कैन बरामद किए गए थे। जिसकी बाजार में कीमत करीब 22 लाख रुपये से अधिक आंकी गई थी। विभाग ने गोदाम को सील कर शहद के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए थे, जिसकी रिपोर्ट अब सामने आई है। 

दवाइयां बनाने में किया जाना था इस्तेमाल

प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट ने अधिकारियों और आम जनता के होश उड़ा दिए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार ने बताया कि यह मिलावटी शहद हरियाणा से मंगाया गया था और इसकी सप्लाई आंध्र प्रदेश में की जानी थी। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस जहरीले शहद का उपयोग केवल सीधे उपभोग के लिए ही नहीं, बल्कि विभिन्न खाद्य पदार्थों, आयुर्वेदिक दवाओं और खांसी के सिरप बनाने में भी किया जाना था, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। 

स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है मिलावटी शहद

खाद्य विभाग के अनुसार, राइस सिरप युक्त यह मिलावटी शहद मानव शरीर के अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि शहद का उपयोग अक्सर एक औषधि के रूप में किया जाता है, लेकिन यदि इसमें मिलावट हो तो यह लाभ के बजाय भारी नुकसान पहुंचाता है। यह नकली शहद ब्लड शुगर के स्तर को तेजी से बढ़ा सकता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को कम करता है और शरीर में पोषण की कमी का कारण बनता है। विभाग अब इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गया है।

रिपोर्ट - निशांक शर्मा