1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी पुलिस के 17 जांबाजों को मिलेगा गैलेंट्री मेडल, लिस्ट में देखें इनके नाम और तस्वीरें

यूपी पुलिस के 17 जांबाजों को मिलेगा गैलेंट्री मेडल, लिस्ट में देखें इनके नाम और तस्वीरें

उत्तर प्रदेश पुलिस के 17 जांबाजों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को कायम रखने में अहम योगदान दिया है।

UP Police Gallantry Medal 2025, Uttar Pradesh brave police officers- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अजय कुमार साहनी, दीपक कुमार सिंह और धर्मेश कुमार शाही।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के 17 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके अदम्य साहस और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया है। इनमें विशेष रूप से STF के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने गोरखपुर में कुख्यात अपराधी के खिलाफ मुठभेड़ में अपनी बहादुरी से अहम भूमिका निभाई। इन जांबाजों ने खूंखार अपराधियों को सबक सिखाकर समाज को सुरक्षित बनाने में अहम योगदान दिया। यही वजह है कि इन 17 जांबाजों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

गोरखपुर में बड़े अपराधी का खात्मा

5 जनवरी 2024 को गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने हत्या, लूट और रंगदारी के मामले में वांछित 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी विनोद कुमार उपाध्याय को मुठभेड़ में घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस अपराधी पर 46 आपराधिक मामले दर्ज थे। इस ऑपरेशन में दीपक कुमार सिंह के साथ निरीक्षक हेमंत भूषण सिंह और मुख्य आरक्षी विनोद कुमार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देखें, गैलेंट्री मेडल से सम्मानित पुलिसकर्मियों के नाम और तस्वीरें
https://getapi.indiatvnews.com/doc/photo-of-officers-gallantry-medal.pdf

मेरठ में लुटेरों को सिखाया सबक

25 जनवरी 2020 को मेरठ के टी.पी. नगर थाना क्षेत्र में तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (मेरठ) और वर्तमान पुलिस उपमहानिरीक्षक (बरेली) अजय कुमार साहनी ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी चॉद उर्फ काले को मुठभेड़ में मार गिराया। चॉद पर 39 मामले दर्ज थे। इस ऑपरेशन में नायब पुलिस उपाधीक्षक दिनेश चंद्र और मुख्य आरक्षी मनोज कुमार शामिल थे।

बलिया में शहाबुद्दीन गैंग पर प्रहार

3 सितंबर 2021 को बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र में एसटीएफ उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही, उपनिरीक्षक यशवंत सिंह और मुख्य आरक्षी नीरज कुमार पांडेय ने शहाबुद्दीन गैंग के शूटर और 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी हरीश पासवान को मुठभेड़ में ढेर किया। हरीश पर हत्या, लूट और तीन राज्यों में 35 मामले दर्ज थे।

किसलिए किया गया गैलेंट्री मेडल से सम्मानित?
https://getapi.indiatvnews.com/doc/gallantry-medal-list.pdf

गौतमबुद्धनगर में डकैती गैंग का सफाया

7 जुलाई 2021 को गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर मुनीष प्रताप सिंह चौहान, सब-इंस्पेक्टर अक्षय परवीर त्यागी, मुख्य आरक्षी राजन कुमार और मुकेश कुमार  ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर डकैती और दुष्कर्म के मामलों में वांछित एक्सल गैंग के 2 लाख रुपये के इनामी अपराधी अजय उर्फ कालिया को मुठभेड़ में मार गिराया। इस अपराधी पर 13 मामले दर्ज थे।

अलीगढ़ में एक्सल गैंग पर कसी नकेल

2 जुलाई 2020 को अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में सब-इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर डकैती की वारदातों में शामिल एक्सल गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी बबलू उर्फ गंजा को मुठभेड़ में घायल किया, जिसकी बाद में मौत हो गई। इस अपराधी पर 27 मामले दर्ज थे।

गाजियाबाद में हुआ था वॉन्टेड का एनकाउंटर

2 जून 2023 को गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक अरुण कुमार और मुख्य आरक्षी टिंकल ने हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी विशाल चौधरी उर्फ मोनू को मुठभेड़ में घायल कर दिया जिसकी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस अपराधी पर 11 मामले दर्ज थे।