1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल में 36 घरों और दुकानों को नोटिस भेजने की तैयारी में प्रशासन, शाही जामा मस्जिद के पास हुआ है गलत निर्माण

संभल में 36 घरों और दुकानों को नोटिस भेजने की तैयारी में प्रशासन, शाही जामा मस्जिद के पास हुआ है गलत निर्माण

संभल की शाही जामा मस्जिद के पास बने 36 घरों और दुकानों को प्रशासन नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। इन सभी मकानों का निर्माण 'संभल मास्टर प्लान 2031' के मुताबिक नहीं किया गया है। हालांकि अपना पक्ष रखने का मौका भी दिया जाएगा।

जामा मस्जिद के पास बने मकानों को भेजी जाएगी नोटिस।- India TV Hindi
Image Source : FILE जामा मस्जिद के पास बने मकानों को भेजी जाएगी नोटिस।

संभल: यूपी के संभल में एक बार फिर प्रशासन ने 36 घरों और दुकानों को नोटिस जारी करने के लिए चिह्नित किया है। आरोप है कि इनका निर्माण 'संभल मास्टर प्लान 2031' के तहत नहीं किया गया है। चिह्नित किए गए सभी मकान और दुकान मानकों को खरे नहीं उतर रहे हैं। हाल ही में प्रशासन की तरफ से शाही जामा मस्जिद के पीछे वाले इलाके का निरीक्षण किया था। इस दौरान 36 घर और दुकानें ऐसी मिलीं, जिनके नक्शे मंजूर नहीं थे। फिलहाल इन सभी को नोटिस जारी किया जाएगा और अपना पक्ष रखने का मौका भी दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अवैध अतिक्रमण भी मिला, जिसे हटाया जाएगा।

36 घरों और दुकानों को दिया जाएगा नोटिस

अधिकारियों ने बताया कि संभल में शाही जामा मस्जिद के आस-पास बने 36 घरों और दुकानों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन पर आरोप है कि इनका निर्माण 'संभल मास्टर प्लान 2031' के तहत मंज़ूर किए गए बिल्डिंग नक्शों के बिना किया गया है। सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट विकास चंद्र ने बताया कि 'संभल मास्टर प्लान 2031' को लागू करने के लिए, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर प्रशासन ने विवादित मस्जिद के पीछे वाले इलाके का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा, "निरीक्षण के दौरान 36 ऐसे घर और दुकानें मिलीं जिनके नक्शे मंजूर नहीं थे। 'रेगुलेटेड एरिया' (नियमों के दायरे में आने वाले इलाके) के तहत उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।"

अपना पक्ष रखने का मिलेगा मौका

उन्होंने कहा कि मालिकों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा और जो लोग यह साबित कर पाएंगे कि उनकी इमारतें नियमों के मुताबिक हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, "जिनके नक्शे मंज़ूर नहीं हैं, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।" विकास चंद्र ने बताया कि अभी चौधरी सराय से टंडन क्रॉसिंग तक के इलाके में कार्रवाई की जा रही है और बाद में इसे दूसरे इलाकों में भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान प्रशासन को सड़कों पर अतिक्रमण भी मिला। एसडीएम विकास चंद्र ने आगे कहा, "ये सड़कें बाजार के रास्तों के लिए हैं। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि लोगों ने सड़कों की चौड़ाई कम कर दी है और दुकानदारों ने उन पर अतिक्रमण कर लिया है। इस अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।" (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

महोबा में वंदे भारत से टकराया सांड, आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त; एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन