1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में 4.31 लाख रुपये की लूट का खुलासा, ड्राइवर ही निकला असली मास्टरमाइंड

कानपुर में 4.31 लाख रुपये की लूट का खुलासा, ड्राइवर ही निकला असली मास्टरमाइंड

कानपुर के शिवराजपुर में जीटी रोड हाईवे पर दिनदहाड़े हुई 4.31 लाख रुपये की लूट की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। पीड़ित आबिद की कार को रोककर बदमाशों ने शीशा तोड़ा और असलहे के बल पर पैसों से भरा झोला छीनकर फरार हो गए थे।

Arrested accused- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गिरफ्तार हुए आरोपी

उत्तर प्रदेश के कानपुर के शिवराजपुर क्षेत्र में जीटी रोड हाईवे पर दिनदहाड़े हुई 4.31 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पीड़ित आबिद अपनी कार से सफर कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 कार ने उनका पीछा करते हुए उनकी गाड़ी को जबरन ओवरटेक करके रोक लिया। XUV में सवार बदमाशों ने गाड़ी से उतरकर आबिद की कार का शीशा डंडों से तोड़ दिया और हथियार दिखाकर पैसों से भरा झोला छीनकर मौके से फरार हो गए। हाईवे पर हुई इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया था और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

वफादार ड्राइवर ही निकला गद्दार

पुलिस की गहन जांच-पड़ताल और सर्विलांस टीम की मदद से जब इस मामले की परतें खुलीं, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। जिस ड्राइवर आसिफ पर मालिक आबिद को सबसे ज्यादा भरोसा था, वही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार और मुखबिर निकला। आसिफ ने अपने दोस्त साहिल और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस लूट का पूरा खाका तैयार किया था। पैसों के लालच और नशे की लत में अंधे होकर उसने अपने ही मालिक को लूटने का प्लान बना डाला। साजिशकर्ताओं ने ड्राइवर को लालच दिया था कि वारदात पूरी होते ही उसे 2 लाख रूपये नगद दिए जाएंगे और लूटी गई कुल रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा भी उसका होगा।

पुलिस की कार्रवाई और 5 आरोपियों की गिरफ्तारी

मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने इस साजिश में शामिल 5 आरोपियों ड्राइवर आसिफ, शिवम, मयंक सैनी, आयुष और अनुज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई XUV500 कार को भी जब्त कर लिया है, जो आरोपी ऋषि सैनी की मां के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके अलावा कार का शीशा तोड़ने में इस्तेमाल किया गया डंडा और लूटी गई रकम में से लगभग 1 लाख 19 हजार रुपये की नगदी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों ने शुरू की अन्य आरोपियों की तलाश

मामले की पूरी जानकारी देते हुए DCP कासिम आबिदी ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस केस का खुलासा कर दिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। वहीं, कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें

यूपी में ओवैसी की पार्टी को झटका! कांग्रेस में शामिल हुए AIMIM के सीनियर नेता आसिम वकार

साइबर फ्रॉड का शिकार हुईं पूजा पाल, उनके बैंक खाते से उड़ गए 1.55 लाख रुपये