उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भवानी स्टील रोड पर शुक्रवार दोपहर एक खड़ी कार में 51 वर्षीय व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत नजदीकी मणिपाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रताप विहार, विजय नगर के रहने वाले अनुराग श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
कार में अचेत हालत में पड़े थे अनुराग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एनएच-24 के पास भवानी स्टील रोड पर एक ग्रैंड विटारा कार काफी देर से संदिग्ध परिस्थिति में खड़ी थी। सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब कार के अंदर पड़ी, तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति चालक की सीट पर बेसुध पड़ा हुआ है और उसके मुंह से झाग निकल रहा है। नजारा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने बिना कोई देर किए तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय कविनगर थाना पुलिस को दी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर अचेत पड़े अनुराग श्रीवास्तव को तुरंत मणिपाल अस्पताल ले गई। हालांकि, वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, अनुराग रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे काम के सिलसिले में अपनी ग्रैंड विटारा कार लेकर घर से निकले थे।
कार्डियक अरेस्ट की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घर से निकलने के महज दो घंटे बाद ही अनुराग भवानी स्टील रोड पर कैसे पहुंचे और अचानक कार में उनकी तबीयत इतनी गंभीर कैसे हो गई, पुलिस इस बात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। कविनगर थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच और शारीरिक लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस मौत के अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच कर रही है। मौत का वास्तविक और सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो सकेगा।
गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कानपुर विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार को लेकर हुई कार्रवाई, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज; एक को किया गया बर्खास्त
प्रिंटर से निकालते थे नोट, फिर रेलवे स्टेशन पर होता था खेल; लाखों की नकली करेंसी के साथ तीन आरोपी हुए गिरफ्तार