1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर का एक हिस्सा बंद, सड़क धंसने के बाद रोका गया ट्रैफिक; अखिलेश यादव ने कसा तंज

लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर का एक हिस्सा बंद, सड़क धंसने के बाद रोका गया ट्रैफिक; अखिलेश यादव ने कसा तंज

लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर का एक हिस्सा उद्घाटन के महज़ तीन दिन बाद ही अचानक धंस गया। अब, सड़क पर एक बड़ा सा गड्ढा हो गया है।

ग्रीन कॉरिडोर पर सड़क धंसी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER ग्रीन कॉरिडोर पर सड़क धंसी

लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर के एक हिस्से को बंद कर दिया गया है। यहां ट्रैफिक रोक दिया गया है। खाटू श्याम मंदिर के पास न्यू हैदराबाद जाने वाली सड़क धंस गई है और यहां गहरा गड्ढा खोद कर मरम्मत का काम चल रहा है। ग्रीन कॉरिडोर में करीब पंद्रह फीट का गड्ढा करके काम हो रहा है।

तीन दिन पहले हुआ था उद्घाटन

इस ग्रीन कॉरिडोर का अभी शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया था। उद्घाटन में सड़क के किनारे जो फूल लगाये गए थे वो अभी पूरी तरह से सूखे भी नहीं है कि ग्रीन कॉरिडोर के इस हिस्से को बंद करना पड़ा है। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा था कि लगभग 28 किलोमीटर लंबे इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत 7,710 करोड़ रूपये है। यह जो कॉरिडोर है, वह दोनों रिंग रोड, शहीद पथ और किसान पथ को आपस में जोड़ देगा। इससे यात्रा का समय बचेगा। लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। 

आईआईएम से लेकर शहीद पथ तक है ग्रीन कॉरिडोर

 

बता दें कि लखनऊ में आईआईएम से लेकर शहीद पथ तक पच्चीस किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है। अभी डालीगंज पुल से समतामूलक चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन हुआ है। हांलाकि प्रशासन का कहना है कि सीवर लाइन फटने से बगल की सड़क धंसी है जिसकी मरम्मत हो रही है लेकिन विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है। 

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा ''अभी तो उद्घाटन में सजे फूल भी नहीं सूखे थे… जो 2-3 दिन पहले ग्रीन था, अब विलीन हो गया… ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार ने अपना रंग दिखा दिया। अब भाजपा सरकार ख़ुद से वसूली करवाएगी या ख़ुद पर बुलडोज़र चलवाएगी?''।