यूपी के संभल में श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिली है। 2 ऑडियो कॉल्स के जरिए कुलबीर सिंह सिद्धू नाम से धमकी दी गई है। ये आरोपी 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' नामक आतंकवादी संगठन से जुड़ा है, जिसके तार यूपी, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में फैले हैं। इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मेरा कोई कदम नहीं रहेगा, मैं अपना काम कर रहा हूं। ये संवेदनशील मामला है, इसलिए आप सभी के साथ शेयर कर रहा हूं।
सिख और हिंदू एक ही मां की संतान
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, 'श्री कल्कि धाम के निर्माण के लिए मेरा पूरा जीवन समर्पित है। मैं अपना काम कर रहा हूं लेकिन मेरा कर्तव्य बनता था कि मैं इस बात को देश के साथ शेयर करूं क्योंकि यह बहुत ही खतरनाक विषय है। मैं यह बात पूरे देश के उन तमाम करोड़ों हिंदुओं और सिख भाइयों से शेयर कर रहा हूं। मैं कह रहा हूं कि सिख और हिंदू एक ही मां की संतान हैं। मैं कह रहा हूं कि सिख, हिंदुओं के शिरोमणि हैं। मैं यह कह रहा हूं कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज हमारे लिए पूजनीय हैं।'
मेरी शहादत हो जाए तो ट्रस्ट को टेकओवर करे भारत सरकार
कल्कि धाम के पीठाधीश्वर बोले कि श्री कल्कि धाम में हम गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का वंदन पूजन-अर्चन उसी तरह करेंगे जिस तरह हम भगवान कल्कि का करेंगे। इसलिए मैं यह बात साफ कर देना चाहता हूं कि यदि मेरी शहादत होती है तो मैं भारत सरकार से निवेदन करता हूं कि कल्कि धाम ट्रस्ट को टेकओवर करके श्री कल्कि धाम का निर्माण कराया जाए। श्री कल्कि धाम में जो हमारा संकल्प है कि भगवान कल्कि के साथ भगवान महावीर भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को भी पूरे सम्मान के साथ स्थान दिया जाए, यह मेरा मेरी इच्छा भी है और मेरी अपेक्षा भी है।
धमकी के बारे में पुलिस और गृह मंत्रालय को दी जानकारी
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा, 'कुछ दिनों से कुछ ऐसे नंबर से, इंटरनेशनल नंबर से अनट्रेसेबल नंबर से मुझे कॉल्स आ रही थीं, जिन्हें मैं लेता नहीं था। कुछ नंबरों से मुझे धमकी भरी कॉल जब आती हैं, तो मैं उनको एंटरटेन नहीं करता था क्योंकि इन कॉल्स के आने से और इनसे बात करने से बिना वजह का तनाव होता है। मुझे 2-3 दिन पहले ऑडियो मैसेज आया था। ऑडियो रिकॉर्डिंग में वो पंजाबी भाषा में और जिसने वो ऑडियो मैसेज भेजा उस नंबर को और उनके उस ऑडियो को मैंने यूपी पुलिस को शेयर किया है। गृह मंत्रालय को भी मेल किया है। पंजाब पुलिस को भी भेजा है क्योंकि उसने अपना नाम कुलवीर सिंह सिद्धू बताया था।'
मुझे दी गई बम से उड़ाने की धमकी
कल्कि धाम के पीठाधीश्वर ने कहा कि धमकी देने वाले ने मुझे ऑडियो मैसेज के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी और उसमें यह भी कहा है कि हम रॉकेट लॉन्चर से सबको उड़ा देंगे। मुझे ऐसा लगता है कि कुछ देश विरोधी ताकतें इस देश को खालिस्तान बनाना चाहती हैं। ऐसे लोग हिंदू और सिखों को अलग करना चाहते हैं। जबकि मैं ऐसा मानता हूं और ये ऐतिहासिक प्रमाण भी है कि सिख और हिंदू एक ही मां की संतान हैं, सिख हिंदू ही हैं।
(इनपुट- ANI)