बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित चुनावी सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया। बता दें कि अखिलेश यादव मायावती को बुआ कहते हैं, लेकिन आकाश आनंद अखिलेश को अपना भाई मानने के लिए तैयार नहीं। आकाश ने कहा कि मैं 30 साल का लड़का 50 साल के आदमी को अंकल नहीं तो और क्या कहूंगा?
आकाश आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि "राहुल अंकल" आये दिन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की बात करते हैं, लेकिन जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी ऐसी ही नीतियां लागू हैं, जिनका कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया।
"अंकल नहीं कहूंगा तो फिर क्या कहूं"
इसके बाद, समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा, "रही बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अखिलेश अंकल जी की। मैं पूरी इज्जत और पूरे आदर-सम्मान से उनका नाम ले रहा हूं। उनकी उम्र अब हो गई है। अगर मैं 30 साल का लड़का 50 साल के आदमी को अंकल नहीं कहूंगा तो फिर क्या कहूं, आप ही बताओ।"
उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए अखिलेश यादव "अखिलेश भैया नहीं, अखिलेश अंकल" हैं। आकाश आनंद ने अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि समय के हिसाब से पीडीए का अर्थ बदलता रहता है।
अखिलेश यादव पर जमकर साधा निशाना
आकाश आनंद ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते कानून-व्यवस्था और मुजफ्फरनगर दंगों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में बड़ी संख्या में दंगे हुए और मुजफ्फरनगर हिंसा में 40 से अधिक लोगों की मौत हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार ने मायावती सरकार द्वारा बनाए गए कई जिलों के नाम बदल दिए थे।
सभा में आकाश आनंद ने बीजेपी सरकार को भी रोजगार, शिक्षा, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी पद खाली हैं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने सरकार पर विज्ञापनों के जरिए अपनी कमियां छिपाने का आरोप लगाया।
आरक्षण पर बोले- नया मुद्दा खड़ा किया जा रहा
आरक्षण के मुद्दे पर आकाश आनंद ने कहा कि युवाओं को आपस में लड़ाने के लिए "आरक्षण हटाओ" का नया मुद्दा खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को आरक्षण पर सवाल उठाने के बजाय रोजगार, स्कूल, कॉलेज और सरकारी नौकरियों की संख्या बढ़ाने का हिसाब देना चाहिए।
सभा के आखिर में आकाश आनंद ने लोगों से बसपा प्रत्याशी डॉ. अवनीश शर्मा को समर्थन देने और आगामी विधानसभा चुनाव में हाथी के चुनाव चिन्ह के सामने वाला बटन दबाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने पर मायावती को 5वीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाए।
ये भी पढ़ें-
राम मंदिर CEO पद के लिए 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट, 5300+ आए आवेदन, जानें कब है इंटरव्यू
भगवान श्रीकृष्ण दुनिया के सबसे बड़े Gen Z हैं, 12 साल की उम्र में किए थे बड़े-बड़े काम: श्रीराम तिवारी