1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘अपने कबीले से जो दगा करता है बंदा...’, 3 सपा विधायकों के BJP में जाने पर अखिलेश का तंज

‘अपने कबीले से जो दगा करता है बंदा...’, 3 सपा विधायकों के BJP में जाने पर अखिलेश का तंज

समाजवादी पार्टी के 3 विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अपनी पार्टी से दगा करने वालों का दूसरी जगह सिर्फ कंधा इस्तेमाल होता है। बीजेपी ने इसे शुरुआत बताया, जबकि सपा ने विधायकों को पहले ही निष्कासित करने का दावा किया।

Akhilesh Yadav, Samajwadi Party MLAs Join BJP- India TV Hindi
Image Source : PTI समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव।

Highlights

  • अखिलेश यादव ने 3 विधायकों के बीजेपी में जाने पर तंज कसते हुए टिकट को लेकर सवाल उठाए।
  • राम मंदिर जाने से रोकने का आरोप लगाकर तीनों विधायकों ने अखिलेश यादव पर हमला बोला।
  • स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को घेरा, बीजेपी की बड़ी जीत का दावा किया।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के 3 विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए उन पर निशाना साधा है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अपने कबीले से जो दगा करता है बंदा, दूसरे इस्तेमाल कर लेते हैं उसका कंधा।’ उन्होंने आगे कहा कि जिस पार्टी के टिकट पर विधायक चुनाव जीते, जब वे उसी के नहीं हुए, तो जहां अब गए हैं, वहां भी प्रत्याशी नहीं बन पाएंगे। अखिलेश के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

अमेठी में बीजेपी में शामिल हुए सपा के 3 विधायक

बुधवार को समाजवादी पार्टी के तीन विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इनमें अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं। तीनों को बीजेपी में शामिल कराने का कार्यक्रम अमेठी में हुआ। इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं। बीजेपी में शामिल होने वाले तीनों विधायकों ने अखिलेश पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस दिन अखिलेश ने सभी विधायकों को राम मंदिर जाने से रोका था, उसी दिन उन्होंने सपा छोड़ने का फैसला कर लिया था।

स्मृति ईरानी का राहुल और अखिलेश पर हमला

अमेठी में आयोजित कार्यक्रम में स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को मुंगेरी लाल के सपने देखना बंद कर देना चाहिए। सड़कों पर नाटक करने से उत्तर प्रदेश नहीं जीता जा सकता। स्मृति ईरानी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। 3 विधायकों का पार्टी में शामिल होना बीजेपी के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर अमेठी में, जहां स्मृति ईरानी की राजनीतिक सक्रियता लगातार बनी हुई है।

पंकज चौधरी बोले, 'यह तो शुरुआत है'

उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि तीनों विधायक समाजवादी पार्टी की नीतियों से परेशान होकर बीजेपी में शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा में अभी भी कई ऐसे नेता हैं, जो अखिलेश यादव की जाति आधारित राजनीति से घुटन महसूस कर रहे हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है। आने वाले समय में ऐसे कई नेता समाजवादी पार्टी को छोड़ देंगे। बीजेपी अध्यक्ष के बयान से साफ है कि पार्टी सपा में असंतोष को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है।

'तीनों विधायक पहले ही निकाले जा चुके थे'

समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इस पूरे घटनाक्रम पर अलग दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी में शामिल होने वाले तीनों विधायकों को अखिलेश यादव पहले ही पार्टी से निकाल चुके थे। रविदास मेहरोत्रा के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के दौरान इन विधायकों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ वोट किया था और बीजेपी उम्मीदवार का समर्थन किया था। इसी समय इनके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि तीनों विधायकों के बीजेपी में जाने से समाजवादी पार्टी को रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ेगा।

स्मृति ईरानी के लिए क्यों अहम है विधायकों का बीजेपी में आना?

अमेठी के 3 विधायकों का बीजेपी में शामिल होना स्मृति ईरानी के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार के बाद स्मृति ईरानी को लेकर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं हुईं। उन्हें राज्यसभा नहीं भेजे जाने और मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ अभियान चलाया था। हालांकि, इन घटनाओं के बावजूद स्मृति ईरानी की राजनीतिक सक्रियता में कमी नहीं आई। बीजेपी में महामंत्री बनाए जाने के बाद से वह लगातार सक्रिय हैं। 3 विधायकों के पार्टी में आने को उनके लिए अमेठी में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव को ओमप्रकाश राजभर ने दी चुनौती, बोले- 'योगी से डरते हैं तो जहूराबाद में मुझसे लड़ लें'