1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अब सुबह 10 बजे से खुलेंगे नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी प्राइवेट स्कूल, जारी हुआ आदेश

अब सुबह 10 बजे से खुलेंगे नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी प्राइवेट स्कूल, जारी हुआ आदेश

कड़ाके की ठंड के चलते स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सभी प्राइवेट स्कूल अब सुबह 10 बजे से खुलेंगे और दोपहर 3 बजे तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

अत्यधिक शीतलहर और ठंड के कारण गाजियाबाद में नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी प्राइवेट स्कूलों को आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड व अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगे।

नर्सरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं 15 जनवरी तक बंद

गाजियाबाद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा ये आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि नर्सरी से कक्षा 5 तक की कक्षाएं 15 जनवरी तक स्थगित रहेंगी। कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगी।

कड़ाई से किया जाए आदेश का पालन

साथ ही आदेश में ये भी कहा गया कि समस्त प्राइवेट सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड व अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त समस्त विद्यालय के प्रधानाचार्यों / प्रधानाध्यापकों को आदेशित किया जाता है कि आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

दिल्ली में 15 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इसके चलते अधिकारियों ने दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं ताकि घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। दिल्ली में स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय के अनुसार, दिल्लीभर के स्कूलों में 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश जारी रहेगा।

जुबेर अख्तर की रिपोर्ट