1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने निकाली जिंदा बेटी की 'शव यात्रा', तेरहवीं की भी तैयारी

प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने निकाली जिंदा बेटी की 'शव यात्रा', तेरहवीं की भी तैयारी

यूपी के प्रतापगढ़ में युवती के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी 'शव यात्रा' निकाली और संकेतिक रूप से उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम से पूरे इलाके में सनसनी सी मची हुई है।

In Pratapgarh, the family members, upset with their daughter's love affair, performed a symbolic fun- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रतापगढ़ में परिजनों ने बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर जिंदा होते हुए भी उसका संकेतिक अंतिम संस्कार कर दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। जेठवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम संबंध रखने और उसी के साथ रहने की जिद पर अड़ी एक युवती से परिजनों ने इसकदर नाता तोड़ा कि उसकी जिंदा रहते हुए 'शव यात्रा' तक निकाल डाली। इस अजीबोगरीब और मार्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र में कौतूहल का विषय बना दिया है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के मुताबिक गांव की एक युवती का काफी समय से दूसरी बिरादरी के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की भनक परिजनों को तब लगी, जब अचानक एक दिन युवती घर से लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो किसी अनहोनी की आशंका से सहमे परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की और कुछ ही दिनों में युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान वह गांव के ही अपने प्रेमी के साथ मिली।

थाने में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

पुलिस जब दोनों पक्षों को थाने लेकर आई तो वहां खुलकर सच्चाई सामने आ गई। पुलिस और परिजनों के सामने युवती ने पूरी बेबाकी से अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से उसी युवक के साथ रहना चाहती है। उसने साफ कर दिया कि वह अपनी पूरी जिंदगी उसी प्रेमी के साथ बिताएगी। बेटी के इस दो टूक फैसले को सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। समाज में 'लोक-लाज' और दूसरी बिरादरी में शादी होने के सामाजिक डर से आहत परिवार ने थाने में ही उससे हमेशा-हमेशा के लिए सभी रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर दिया।

जिंदा बेटी का पुतला फूंका, अब तेरहवीं की तैयारी

घर लौटने के बाद परिवार का गुस्सा और समाज का दबाव इस कदर हावी हुआ कि उन्होंने मृत मानकर युवती का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। परिजनों ने गांव में ही जिंदा बेटी की 'शव यात्रा' निकाली, चिता पर उसकी फोटो रखकर पुतला फूंका और अब पूरे रीति-रिवाज के साथ उसकी 'तेरहवीं' की तैयारी में जुट गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर समाज में प्रतिष्ठा और परिवार की जिद के बीच सुलगते अंतर्द्वंद्व को सतह पर ला दिया है। फिलहाल, यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रतापगढ़ से बृजेश मिश्र की रिपोर्ट 

यह भी पढ़ें 

प्रयागराज में ट्रेन पलटाने की साजिश? DFC ट्रैक पर रखी 7 फीट लंबी लोहे की रेलिंग, टकराया इंजन

यूपी में बारिश और तूफान का कहर, अब तक 56 लोगों की मौत, 46 घायल, जानिए किस जिले में हुई अधिक जनहानि?