1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चाची और चचेरी बहन की हत्या कर जलाया था शव, यूपी पुलिस के साथ आरोपी का एनकाउंटर

चाची और चचेरी बहन की हत्या कर जलाया था शव, यूपी पुलिस के साथ आरोपी का एनकाउंटर

आरोपी ने चार दिसंबर को अपनी चाची और चचेरी बहन की हत्या की थी। घटना के बाद से वह फरार था। यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी के घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Accused balvir- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बलवीर

उत्तर प्रदेश के बस्ती में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दोहरे हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बलवीर पर आरोप है कि उसने चार दिसंबर को अपनी चाची और चचेरी बहन की हत्या कर शव जला दिया था। घटना के बाद से वह फरार था। 

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया है। महिला और उसकी बेटी की हत्या कप्तानगंज थाने के सेठा गांव में हुई थी। वहीं, आरोपी को गढ़ा गौतम गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।

पिछले महीने हुई थी घटना

बस्ती जिले के कप्तानगंज इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोहरे हत्याकांड में वांछित 50 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी बलवीर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सेंठा गांव में पिछले साल तीन-चार दिसंबर की दरमियानी रात गोदावरी (60) और उसकी बेटी सौम्या उपाध्याय (22) की हत्या के सिलसिले में वांछित था। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि यह मुठभेड़ शनिवार देर रात गड़हा गौतम गांव के पास हुई, जब कप्तानगंज और दुबौलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।

आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस ने बलवीर को घेरा तो उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस दल पर गोलियां चलाईं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलवीर के दाहिने पैर में गोली लग गई, उसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। तिवारी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड में वांछित बलवीर वारदात के बाद से ही फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी तमंचा, एक कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।

दो दिन पहले मुंबई से लौटा था आरोपी

पुलिस क्षेत्र अधिकारी के मुताबिक पूछताछ में बलवीर ने बताया है कि वह दो दिन पहले मुंबई से लौटा था और घर में छिपकर अपना फोन बंद करके रखा था। पुलिस के अनुसार बलवीर ने कुबूल किया है कि पिछले साल तीन-चार दिसंबर की रात को उसने अपने साथियों की मदद से अपनी चाची गोदावरी और चचेरी बहन सौम्या की योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी और घटनास्थल से भागने से पहले उनके शवों को आग लगा दी। इस मामले के एक अन्य आरोपी कमलेश कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने गत शुक्रवार को महाराष्ट्र के अमरावती से गिरफ्तार किया था। (भाषा इनपुट के साथ)

(बस्ती से कमलेश सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मिल्कीपुर उपचुनाव: BJP और SP में सीधी टक्कर, आज अखिलेश का किला भेदने पहुंचेंगे सीएम योगी

प्रयागराज में घायल श्रद्धालुओं से मिले CM योगी, डॉक्टरों से ली डिटेल रिपोर्ट, बेहतर इलाज का दिया निर्देश