1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या राम मंदिर के CEO पद के लिए इंटरव्यू आज, हिंदू होना, शुद्ध शाकाहारी, शराब और नशे से दूर रहना जरूरी

अयोध्या राम मंदिर के CEO पद के लिए इंटरव्यू आज, हिंदू होना, शुद्ध शाकाहारी, शराब और नशे से दूर रहना जरूरी

अयोध्या राम मंदिर के सीईओ पद के लिए कुल 18 उम्मीदवारों को चुना गया है। आज और कल (मंगलवार और बुधवार) को इन्हीं 18 उम्मीदवारों का इंटरव्यू किया जाना है। जानिए इटरव्यू लेने वाले पैनल में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अयोध्या राम मंदिर- India TV Hindi
Image Source : PTI अयोध्या राम मंदिर

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है। राम मंदिर में सीईओ पद के लिए इंटरव्यू आज होने हैं। सूत्रों ने बताया कि इस पद के लिए 5,300 से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन दिया था। इसके बाद एक चयन समिति ने इंटरव्यू के लिए 18 उम्मीदवारों को चुना है। प्रशासनिक अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। 

मंदिर परिसर में लिया जाएगा इंटरव्यू

चुने गए उम्मीदवारों का मंगलवार और बुधवार को मंदिर परिसर में इंटरव्यू लिया जाएगा। सीईओ पद के लिए इंटरव्यू लेने वाले पैनल में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिर्डी साईंबाबा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हवारे शामिल होंगे। 

प्रबंधन का होना चाहिए बेहतर अनुभव

सीईओ का मुख्य कार्य मंदिर के कामकाज का प्रबंधन देखना होगा। इसलिए उम्मीदवार के पास प्रबंधन का बेहतर अनुभव होना जरूरी है। मंदिर से जुड़े सूत्रों ने बताया कि चुने गए उम्मीदवार का हिंदू होना और हिंदू धर्म की सभी परंपराओं और नियमों का पालन करना जरूरी है, जिसमें पूरी तरह शाकाहारी होना और शराब या नशे से दूर रहना शामिल है। 

50 से 70 साल तय की गई आयु सीमा

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए आयु सीमा 50 से 70 साल तय की गई है। ट्रस्ट के अधिकारियों ने जून के पहले सप्ताह में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप लगने के बाद एक सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया था। 

5200 आवेदने हुए थे प्राप्त

पिछले महीने ट्रस्ट को सीईओ पद के लिए लगभग 5,200 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच के बाद, चयन समिति ने हाल ही में लगभग 55 उम्मीदवारों के साथ प्रारंभिक साक्षात्कार आयोजित किए थे। इनमें 18 का चयन हुआ है।

2 सितंबर को CEO पद के नाम पर लगेगी मुहर

इंटरव्यू के दौरान राम जन्मभूमि ट्रस्ट के कुछ सदस्यों के भी मंदिर परिसर में उपस्थित रहने की उम्मीद है। इंटरव्यू के बाद, चयन समिति तीन उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगी और उनके नाम श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को विचार के लिए प्रस्तुत करेगी। फाइनल राउंड में 18 अभ्यर्थी पहुंचे हैं। 11 और 12 अगस्त यानी 2 दिन इंटरव्यू होना है। कुल 5200 लोगों ने आवेदन किया था। 2 सितंबर को ट्रस्ट की बैठक में अंतिम नाम पर मुहर लगेगी।

उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। शुरुआत में उसे जांच पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।

ये भी पढ़ें: 

'हर शिवभक्त की सम्मानपूर्ण यात्रा के लिए यूपी सरकार कृतसंकल्पित, इसे सेवा का उत्सव बनाएं', कांवड़ियों के लिए CM योगी की पाती