1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बदायूं: HPCL प्लांट मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की हत्या, हमलावर ने प्लांट में घुसकर गोली मारी

बदायूं: HPCL प्लांट मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की हत्या, हमलावर ने प्लांट में घुसकर गोली मारी

हमलावर ने प्लांट के अंदर घुसकर मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह पहले इसी प्लांट में काम करता था।

HPCL Plant murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एचपीसीएल प्लांट मैनेजर की हत्या

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के प्रबंधक और उप प्रबंधक की हत्या कर दी गई। हमलावर ने प्लांट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद भाग गया। दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र की है। सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) प्लांट के प्रबंधक और उप प्रबंधक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने गुरुवार दोपहर प्लांट में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। हमलावर ने प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

बताया जा रहा है कि दो से तीन गोलियां दोनों को मारी गईं हैं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात से प्लांट में दहशत फैल गई। चीख-पुकार मच गई। इस बीच हमलावर मौका पाकर वहां से भाग गया। सूचना मिलते ही थाना दातागंज और मूसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। गोली मारने का आरोप प्लांट में पेलोडर ऑपरेटर के पद पर रह चुके पूर्व कर्मचारी पर लगा है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी को कंपनी से निकालने पर विवाद चल रहा था। इससे पूर्व प्रबंधक और उप प्रबंधक को जान से मारने की कोशिश की गई थी। इस मामले में मुकदमे भी चल रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में जुटी हुई है। कुछ लोगों का आरोप है कि अजय सिंह नाम के व्यक्ति ने हमला किया, लेकिन पुलिस या किसी अन्य आधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच टीमें सबूत जुटा रही हैं और हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

 

(बदायूं से सौरभ शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बरेली के DM अविनाश सिंह और SSP अनुराग आर्य को किया तलब, जानें क्या है मामला

UPSC AIR-113 पर दो दावेदारी की रार हुई खत्म, बुलंदशहर की शिखा ने मानी गलती, जानिए क्या कहा